हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर: बनारस से बैंकाक और काठमांडू के लिए उड़ान भरेंगे विमान, जल्द जारी होगा शेड्यूल
कोरोना महामारी का असर कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन 27 मार्च से फिर से शुरू हो जाएगा। एयरलाइंस की ओर से जल्द ही शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा।
विस्तार
पहली बार बाबतपुर स्थित लाल बहादुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एयर एशिया द्वारा संचालित विमान उड़ान भरेगा। एयर एशिया की बैंकाक के लिए और बुद्धा एयरलाइंस की काठमांडू के लिए विमान सेवा अप्रैल से शुरू होगी। डीजीसीए द्वारा दोनों उड़ानों के लिए अनुमति मिल गई है। इसके लिए एयरलाइंस की ओर से जल्द ही शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा।
कोरोना महामारी का असर कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन 27 मार्च से फिर से शुरू हो जाएगा। कोरोना के चलते प्रतिबंध लगाए जाने से पहले बाबतपुर एयरपोर्ट से बैंकाक, काठमांडू, श्रीलंका, मलेशिया, शारजाह के लिए विमान सेवाएं संचालित हो रही थीं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए छूट मिलने के बाद इन देशों के लिए फिर से विमान सेवाएं शुरू की जा सकेंगी।
अप्रैल में बैंकाक व काठमांडू के लिए बुद्धा एयरलाइंस की उड़ान अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा श्रीलंकन एयरलाइंस की ओर से कोलंबो के लिए उड़ान सेवाएं भी शुरू करने की कवायद की जा रही है। -आर्यमा सान्याल, निदेशक, बाबतपुर एयरपोर्ट
आज से गोरखपुर, 29 से जम्मू के लिए उड़ानें
लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से संचालित होने वाली विमानन कंपनियों ने समर शेड्यूल जारी कर किया है। विमानन कंपनियों ने कई रूट पर विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। खास यह है कि बाबतपुर एयरपोर्ट से पहली बार रविवार से गोरखपुर के लिए और 29 से जम्मू के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो रही है। ग्रीष्म कालीन समय सारणी 27 मार्च से 29 अक्टूबर तक मान्य होगी।
कई रूटों पर समय में होगा परिवर्तन
दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, कोलकाता की सेवाएं जारी रखेगा
गो एयर अहमदाबाद के लिए नए विमान का संचालन करेगा, इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, कोलकाता की सेवाएं जारी रखेगा। एयर इंडिया लखनऊ से वाराणसी की सेवा बंद करेगा तो दिल्ली, मुंबई की सेवाएं जारी रहेंगी। एयर विस्तारा अपने विमान और समय में कोई परिवर्तन नहीं कर रहा है। एयर विस्तारा का विमान दिल्ली से वाराणसी व वाराणसी से दिल्ली और मुंबई से वाराणसी व वाराणसी से मुंबई के बीच संचालित होती है जो पहले के अनुसार जारी रहेगी।
27 मार्च से समर शेड्यूल जारी हुआ है। कई एयरलाइंस अन्य शहरों के लिए 27 से ही विमान सेवा शुरू कर रही हैं। कोरोना संक्रमण कम होने से यात्रियों के संख्या भी बढ़ रही है। ये एयरपोर्ट प्रशासन के साथ ही अन्य विभाग के लिए भी अच्छी खबर है। - आर्यमा सान्याल, एयरपोर्ट निदेशक