काशी में पहली बार गोल्फ टूर: 25 लाख का इनाम, 72 खिलाड़ी, 54 होल्स और तीन राउंड का इवेंट
Varanasi News: काशी में पहली बार गोल्फ टूर इवेंट शुरू हुआ। इसमें 25 लाख का इनाम रखा गया है। वहीं 72 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे। 54 होल्स और तीन राउंड का इवेंट है।
विस्तार
काशी में पहली बार डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) का आगाज मंगलवार को हुआ। बरेका के ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में इवेंट शुरू हुआ। इसमें विजेता को 25 लाख रुपये मिलेंगे। इवेंट तीन राउंड यानी 54 होल्स में पूरा होगा। दो राउंड यानी 36 होल्स के बाद कट लागू किया जाएगा। टॉप के 36 खिलाड़ी और टाई में रहने वाले खिलाड़ी ही तीसरे और अंतिम राउंड में प्रवेश करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 72 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
यह पीजीटीआई में नेक्सजेन सीजन का छठा इवेंट है जो कि आज से शुरू हुआ और 18 जून तक चलेगा। प्रतियोगिता में काशी के भी दो खिलाड़ी इमाम-उल-हक और हेमंत यादव हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, देशभर से आए खिलाड़ियों में सुनीत चौरसिया, राजेश कुमार गौतम, बिपिन मुखिया, अभिषेक कुमार, आदित्य राज सिंह चहल और विनय कुमार यादव के साथ-साथ 15 साल के अर्जुनवीर शिशिर शामिल हैं। इस साल के नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के विजेता को 2026 सीजन के लिए मुख्य टूर यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेलने की छूट मिलेगी।
इसे भी पढ़ें; गूगल मैप ने भटकाया रास्ता: संकरी गली में घुसा ट्रक, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला; कई भवनों का बारजा क्षतिग्रस्त
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन इवेंट को पहली बार वाराणसी लाना हमारे लिए गर्व का क्षण है। वाराणसी की समृद्ध विरासत और यहां का उत्साही गोल्फ समुदाय इसे एक आदर्श मेजबान बनाता है। बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के सचिव अनुराग गुप्ता ने कहा कि इस स्तर के पेशेवर टूर्नामेंट की मेजबानी से वाराणसी राष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित होगा। स्थानीय गोल्फ प्रेमियों को गोल्फ देखने का मौका मिलेगा। नेक्सजेन टूर की शुरुआत डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ने 2025 में अपने डेवलपमेंट टूर के रूप में की थी।
इससे पहले प्रो एम इवेंट रविवार को खेला गया। इसका खिताब प्रोफेशनल पंकज मांडिया की टीम ने जीता। इसमें एमेच्योर मनोज मांझी, रितेश सिंह और अमित वर्मा भी शामिल थे। विजेता टीम को बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स के अनुराग गुप्ता ने पुरस्कार से सम्मानित किया।
वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने की स्थापना
देश को 1983 में क्रिकेट का विश्वकप जिताने वाले ऑलराउंडर कपिल देव ने 20 साल पहले 2006 में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया को स्थापित किया था। वे ही इसके अध्यक्ष हैं। भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संचालन और मान्यता संस्था है और यह इंटरनेशनल गोल्फ फेडरेशन तथा इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ पीजीए टूर्स का मान्यता प्राप्त सदस्य है। पीजीटीआई का डीपी वर्ल्ड टूर (यूरोपियन टूर) के साथ रणनीतिक गठबंधन भी है। पीजीटीआई के आयोजनों में ऑफिशियल वर्ल्ड गोल्फ रैंकिंग (ओडब्ल्यूजीआर) अंक भी दिए जाते हैं।