फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   girl kidnapping and murder was done on night of disappearance in varanasi truth will come out today

किशोरी के अपहरण और हत्या का मामला: लापता होने वाली रात ही किया गया था मर्डर; आज सामने आएगा सच

Sat, 29 Jun 2024 09:00 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 29 Jun 2024 09:00 AM IST
सार

Varanasi News: काशीराज अपार्टमेंट में किशोरी का शव मिलते ही सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में ले लिया। ये वही किशोरी थी जो 26 जून की रात लापता हो गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं। वहीं सर्विलांस की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शनिवार को पुलिस मामले का पर्दाफाश करेगी।

विज्ञापन
girl kidnapping and murder was done on night of disappearance in varanasi truth will come out today
बिलखते परिजनों को समझाते लोग। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजाबाजार, नदेसर इलाके की 13 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर हत्या करने के बाद शव को उसके घर से लगभग 250 मीटर दूर काशीराज अपार्टमेंट की छत पर पानी की टंकी में छिपा दिया गया। परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है।

विज्ञापन


सुबह शव मिलने पर कैंट थाने की पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की 10 टीमें सीसी कैमरों की मदद से रिश्ते में किशोरी के भाई लगने वाले पट्टीदार को चिह्नित कर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं। शनिवार को पुलिस घटना का खुलासा करेगी।
विज्ञापन


शहर के पॉश इलाके में शुमार नदेसर स्थित काशीराज अपार्टमेंट के तृतीय तल के एक फ्लैट में ऑटो-पार्ट्स कारोबारी गुरमीत खन्ना रहते हैं। शुक्रवार की सुबह उन्हें अपने बाथरूम के नल के पानी से अजीब सी दुर्गंध आई। इसके बाद वह छत पर गए और अपनी प्लास्टिक की टंकी का ढक्कन खोला। 
विज्ञापन
विज्ञापन


टंकी के अंदर एक किशोरी का फूला हुआ दुर्गंध युक्त शव पड़ा था। यह देखकर कारोबारी सन्न रह गए। आनन-फानन में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने पर पता लगा कि शव राजाबाजार, नदेसर इलाके की किशोरी का है। वह 26 जून की रात से घर से लापता थी। 

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल कमिश्नरेट के जेसीपी डॉ. के. एजिलरसन, डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा और एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी. के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए कैंट थाने और क्राइम ब्रांच की 10 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की टीम ने इलाके के सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया।

girl kidnapping and murder was done on night of disappearance in varanasi truth will come out today
मौके पर मौजूद पुलिस। - फोटो : अमर उजाला

आखिरी बार किशोरी के साथ देखा गया था पट्टीदार
काशीराज अपार्टमेंट और उससे लगभग 250 मीटर दूर किशोरी के घर तक पुलिस को सीसी कैमरे लगे नहीं मिले। किशोरी के घर जाने वाली गली में एक कैमरा लगा मिला, लेकिन वह बंद था। इलाके के ही एक अन्य कैमरे की फुटेज से सामने आया कि किशोरी के साथ आखिरी बार उसके पट्टीदारी का भाई ही देखा गया था। उसने ही 10 मिनट के लिए किशोरी से बात करने के लिए भी कहा था।

सातवीं में पढ़ती थी, तीन भाई-बहन में दूसरे नंबर की थी
परिजनों ने बताया कि 13 वर्षीय किशोरी दो बहन और एक भाई में दूसरे नंबर की थी। वह कक्षा सात की छात्रा थी और पढ़ने में मेधावी थी। उसके पिता डेंटर हैं और मां चौका-बर्तन का काम करती है। किशोरी के परिजनों के अनुसार वह 26 जून की रात आठ बजे घर से निकली थी। 

काफी देरी तक घर नहीं आई तो परिजनों को लगा कि किसी बात से नाराज होकर अपने चाचा के यहां सो गई है। 27 जून की सुबह चाचा के यहां भी किशोरी नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कहीं पता नहीं लगने पर किशोरी की मां ने कैंट थाने में तहरीर देकर बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। 

पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू ही की थी कि 28 जून की सुबह उसका शव प्लास्टिक की पानी की बंद टंकी से बरामद हुआ। परिजनों का कहना था कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना की वजह समझ नहीं आ रही है।

लापता होने वाली रात ही की गई थी हत्या
किशोरी के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियो कैमरे के सामने किया। डॉक्टरों के अनुसार बंद टंकी के पानी में शव होने के कारण उसकी स्थिति बेहद ही खराब हो गई थी। किशोरी की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। उसका बिसरा और स्वैब सुरक्षित रखा गया है, जिसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी की हत्या 26 जून की रात ही की गई थी। वहीं, पुलिस ने गला और मुंह दबाकर किशोरी की हत्या की आशंका जताई है।

40 साल पुराना है अपार्टमेंट, सुरक्षा मानकों की अनदेखी
जिस काशीराज अपार्टमेंट की पानी की टंकी में किशोरी का शव मिला है, वह 40 साल से ज्यादा पुराना है। इसमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली है। लोगों का कहना था कि इस पुराने अपार्टमेंट में न सिक्योरिटी गार्ड है और न किसी के आने-जाने पर रोक-टोक है। जो जब चाहे, परिसर में घुस जाता है। वहीं, किशोरी की मां कामकाज के सिलसिले में अपार्टमेंट और उसके आसपास आती-जाती रहती थी। इसी वजह से किशोरी भी कई बार अपार्टमेंट में अपनी मां के पास आ जाती थी।

बोले अधिकारी
सीसी फुटेज की मदद से आरोपी को चिह्नित कर हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शनिवार को घटना का खुलासा किया जाएगा। - मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed