दर्दनाक: जौनपुर में नहर किनारे पड़ी बच्ची की लाश को नोच रहे थे कुत्ते, नहीं हो पाई शिनाख्त
जौनपुर जिले के एक गांव में नहर के किनारे बच्ची की लाश पड़ी थी, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। जब लोगों की नजर उस पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी।
विस्तार
जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सोहांसा (केवटा के पूरा ) गांव में सोमवार की सुबह नहर किनारे आठ साल की बच्ची की लाश मिलने हड़कंप मच गया। शिनाख्त में नाकामयाब होने पर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
सोहांसा (केवटा के पूरा) गांव के समीप से शारदा सहायक खंड 39 नहर गुजरी है। सुबह गांव के कुछ लोग टहलने निकले थे। जिनकी नजर, नहर किनारे करीब आठ साल की बच्ची की लाश पर पड़ी, जिसके शव को जानवर नोच रहे थे। इसकी खबर लगते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
गांव के ग्राम प्रधान जंग बहादुर यादव ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष एसपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। करीब दो घंटे तक शव की पहचान करने की कोशिश की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मौके पर जुटी भीड़ तरह-तरह के कयास लगा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक शव तीन-चार दिन पुराना लग रहा था। करीब दो घंटे तक शव की पहचान करने की कोशिश की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष एसपी सिंह ने कहा कि नहर में चार-पांच दिन पहले काफी तेज पानी बह रहा था। संभव है कि शव प्रतापगढ़ की ओर से बहकर आया होगा, जो यहां झाड़-झंखाड में फंस गया होगा। जब पानी कम हुआ तो लाश दिखने लगी होगी जिसे जानवर नोंचने लगे होंगे।