हवाई सेवाओं की सौगात: बागडोगरा, खजुराहो के लिए उड़ान शुरू करेगा इंडिगो; 18 अक्तूबर से स्पाइसजेट की सेवाएं
एयरपोर्ट से 18 अक्तूबर से स्पाइसजेट की हवाई सेवाएं फिर शुरू होंगी। वहीं, इंडिगो बागडोगरा और खजुराहो के लिए नई उड़ानें शुरू करेगा। इन सेवाओं के शुरू होने से वाराणसी से हवाई संपर्क और मजबूत होगा। यात्रियों को इन शहरों के लिए सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी और आवागमन में सहूलियत होगी।
विस्तार
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल जारी कर दिया गया। इसमें यात्रियों को कई नई हवाई सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। एयरलाइनों ने वाराणसी से नए शहरों को जोड़ने और प्रमुख महानगरों के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे त्योहारी सीजन और पर्यटन सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिलेगी। इसमें बागडोगरा के लिए करीब 16 साल बाद सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है।
विमानन कंपनियों की ओर से जारी विंटर शेड्यूल के अनुसार इंडिगो की ओर से वाराणसी से बागडोगरा और गुवाहाटी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। बागडोगरा के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से वाराणसी का पूर्वोत्तर क्षेत्र से सीधा संपर्क मजबूत होगा।
इसके अलावा खजुराहो के लिए भी नई सीधी उड़ान शुरू होने की तैयारी है। एयर इंडिया की खजुराहो सेवा का संचालन अक्तूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा। एयरलाइन ने इसके लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। इसके साथ ही दिल्ली के लिए एयर इंडिया की एक अतिरिक्त उड़ान उपलब्ध होगी।
समर शेड्यूल में वाराणसी से अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने वाली स्पाइसजेट भी विंटर सीजन में फिर से उड़ान संचालन शुरू करने की तैयारी में है। एयरलाइन की ओर से अहमदाबाद, पुणे, मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों के लिए उड़ान दोबारा शुरू की जाएगी। पहली उड़ान 18 अक्तूबर को शुरू होगी। स्पाइसजेट की पहली उड़ान संख्या एसजी 526 होगी, जो वाराणसी से सीधे पुणे जाएगी। इसी तरह दिल्ली के लिए सीधी उड़ान संख्या एसजी 616 और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान संख्या एसजी 688 होगी।
पुणे और अहमदाबाद के लिए अकासा शुरू करेगी उड़ान
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अकासा एयर की ओर से वाराणसी से मुंबई और बेंगलुरु के बीच उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ ही पुणे और अहमदाबाद की उड़ानें शुरू की जाएंगी। मौजूदा समय में वाराणसी से भुवनेश्वर, चेन्नई, गाजियाबाद, विजयवाड़ा समेत कई घरेलू गंतव्यों के लिए नई सेवाएं जारी हैं। विजयवाड़ा के लिए इंडिगो की सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित हो रही है।
ये है शेड्यूल 2026-27
- स्पाइसजेट पुणे सीधी, 18 अक्तूबर, एसजी-526
- स्पाइसजेट मुंबई कनेक्टिंग, 21 अक्तूबर, एसजी-616/162, दिल्ली होकर
- स्पाइसजेट दिल्ली सीधी, 22 अक्तूबर, एसजी-616
- स्पाइसजेट अहमदाबाद कनेक्टिंग, 25 अक्तूबर, एसजी-605/757, दिल्ली होकर
- स्पाइसजेट हैदराबाद सीधी, 26 अक्तूबर, एसजी-688
- एयर इंडिया खजुराहो सीधी, प्रतिदिन 25 अक्तूबर से, दिल्ली-वाराणसी-खजुराहो
- एयर इंडिया की ओर से 25 अक्तूबर से दिल्ली-वाराणसी-खजुराहो के बीच प्रतिदिन उड़ान की घोषणा की गई है।