घोसी सांसद अतुल राय का मामला: प्रकरण से जुड़े सभी लोगों से पुलिस दोबारा करेगी पूछताछ, दुष्कर्म पीड़िता के गवाह साथी का हुआ अंतिम संस्कार
मऊ जिले के घोसी सांसद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता और उसके साथी ने 16 अगस्त को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने से पहले फेसबुक लाइव किया था। शनिवार को युवक की मौत हो गई थी।
विस्तार
मऊ जिले के घोसी के बसपा सांसद अतुल राय के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता के गवाह साथी की मौत से वाराणसी में छात्रों में उबाल है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष गाजीपुर निवासी युवक का रविवार सुबह मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। घाट पर यूपी कॉलेज, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कई छात्र नेता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी रही।
चर्चा रही कि पीड़िता की मदद करते हुए युवक साजिश की भेंट चढ़ गया। पुलिस की मौजूदगी में पूर्व उपाध्यक्ष का दाह संस्कार कराया गया। गम और बेटे को खो देने की पीड़ा पिता के चेहरे पर साफ झलक रही थी। उधर, एसआईटी जांच के साथ ही कमिश्नरेट पुलिस ने भी जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस प्रकरण से जुड़े सभी लोगों से फिर से पुलिस पूछताछ करेगी।
घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान गांव से आए कुछ लोगों और रिश्तेदारों ने बताया कि वह गलत बर्दाश्त नहीं करता था। परिवार पर कोई आंच न आए इसलिए खुद वह परिवार से दूर हो गया था। पिछले तीन साल से घर में कोई त्योहार खुशी से नहीं मना।
पिता और भाइयों के समझाने के बावजूद वह अपने इरादों से नहीं हटा। सोशल मीडिया पर सांसद अतुल राय पर आरोप लगाते हुए युवक और पीड़िता ने 16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। घटना के पांच दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की शनिवार सुबह मौत हो गई थी।
कमिश्नरेट पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रकरण की नए सिरे से जांच कराई जा रही है। इस केस से जुड़े पुलिस अधिकारी, कर्मी और आरोपितों के साथ ही उनके करीबियों से भी पूछताछ की जाएगी।