गाजीपुर: एक महीने पहले पिता बने चालक की मौत, खड़े ट्रक में पीछे से घुसी डीसीएम; वाहन काटकर निकाली गई लाश
कटैला पुल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम टकरा गई। हादसे में चालक अमरेश यादव की मौत हो गई। वह गुजरात से गत्ता लादकर मऊ जा रहा था। एक माह पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। वह डीसीएम का मालिक भी था।
विस्तार
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर थाना क्षेत्र के कटैला पुल के पास शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम घुस गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरेश यादव (35) पुत्र लालचंद यादव निवासी नवधन सुदई, थाना ऊंज, संत रविदासनगर (भदोही) के रूप में हुई। वह डीसीएम का मालिक भी था और खुद ही गाड़ी चला रहा था।
जानकारी के अनुसार अमरेश गुजरात से डीसीएम में गत्ता लादकर मऊ जा रहा था। शुक्रवार देर रात वह जंगीपुर थाना क्षेत्र के कटैला पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसकी डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों में मचा कोहरा
सूचना पर जंगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे डीसीएम से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अमरेश को पुलिस अपने वाहन से गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि अमरेश की शादी करीब दो वर्ष पहले निशा से हुई थी। एक माह पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात के आने से खुशियों का माहौल था। अमरेश पांच भाइयों में सबसे छोटा था और डीसीएम चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में एक माह पहले बेटे के जन्म की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अचानक मातम छा गया। पत्नी निशा और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।