प्रशासन की खुली पोल: बीएचयू अस्पताल में मरीजों के बेड के पास फेंक दिया मलबा
बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में बेहतर सफाई व्यवस्था का दावा भले ही अस्पताल प्रशासन कर रहा हो लेकिन यहां तो वार्डों में भर्ती मरीजों के बेड के पास ही मलबा फेंका जा रहा है। यूरोलॉजी वार्ड में मरीज के बेड के पास न केवल मलबा फेंका पड़ा है बल्कि मेडिकल वेस्ट वाली प्लास्टिक भी यहीं पर रखी जा रही है। मरीजों को देखने चिकित्सक भी आ रहे हैं, पैरामेडिकल स्टाफ भी यहीं ड्यूटी दे रहे हैं लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है।
बनारस और आसपास के जिलों के अलावा बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड, यहां तक कि पड़ोसी देश नेपाल तक के मरीज बीएचयू अस्पताल में इलाज कराने आते हैं। 1300 बेड वाले छह मंजिला अस्पताल के हर मंजिल पर अलग-अलग विभागों के ऑपरेशन थिएटर और भर्ती के लिए वार्ड भी बने हैं। लेकिन यहां वार्डों में साफ-सफाई की कौन कहें यहां तो भर्ती मरीजों के बेड के आगे ही मलबा फेंका जा रहा है।
मरीजों की सेहत पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसकी परवाह कोई नहीं कर रहा है। पांचवीं मंजिल पर बने यूरोलॉजी वार्ड में जिस तरह मलबा पड़ा है, उसको देखकर यहीं कहा जा सकता है।
बेड के पास पड़ी रहती है मेडिकल वेस्ट से भरी प्लास्टिक
अस्पताल में केवल मलबा ही नहीं बल्कि यहां सफाई का आलम यह है कि भर्ती मरीजों के बेड के पास ही वार्ड में मेडिकल वेस्ट से भरी प्लास्टिक रखी जाती है। इसमें कभी प्लास्टिक से ब्लड तो कभी उसमें रखे बॉटल से दवाइयां बहकर जमीन पर आती है।
सबसे अधिक खतरा संक्रमण का होता है लेकिन चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ भी यहां से आकर चले जाते हैं लेकिन किसी का ध्यान नहीं जाता है। हालत यह है कि यहां भर्ती मरीज मुंह पर रूमाल रखकर बेड पर पड़े रहने को मजबूर हैं। मंगलवार को सुबह 11 बजे ऐसा ही दिखा। यूरोलॉजी वार्ड में गेट के पास वाले बेड के पास दो प्लास्टिक भरकर रखा था। इसके अलावा यहां निर्माण कार्य के मलबे भी पड़े हुए हैं।