गंगा महोत्सव: 'सुन रहा है ना तू' फेम अंकित तिवारी को सुनने को गंगा तट पर उमड़ी भीड़, सुरीले गीतों पर झूमा बनारस
श्रोताओं को अपनी जादुई आवाज से कायल कर देने वाले बॉलीवुड सिंगर अंकित तिवारी ने वाराणसी में शुक्रवार की रात को यादगार बना दिया। मौका था गंगा महोत्सव का।
विस्तार
पर्यटन विभाग की ओर से गंगा महोत्सव के तीसरे दिन चर्चित गायक अंकित तिवारी पहुंचे तो घाट की सीढ़ियों पर बैठे श्रोताओं ने उनका स्वागत हर-हर महादेव के जयघोष से किया। मां गंगा को नमन कर अंकित तिवारी ने आशिकी-2 मूवी का चर्चित गाना 'सुन रहा है ना तू रो रहा हूं मैं'... सुनाया तो घाट की सीढ़ियों पर बैठे युवा भी खुद को उनके राग से राग मिलाने से खुद को नहीं रोक पाए।
फिल्मी गानों से श्रोता मंत्रमुग्ध
इसके बाद गलियां तेरी गलियां, दिल चीज तुझे दे दी, सनम केरी कसम, तू है कि नहीं, तुम बिन और खामोशियां सहित कई फिल्मी गानों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पूर्व सुखदेव मिश्र ने वायलिन पर अलाप, तान तिहाई की जुगलबंदी पेश की।
पढ़ेंः तस्वीरों में काशी की देव दीपावली: लाखों दीयों की रोशनी से जगमग हुए गंगा घाट, लहरों पर उभरी स्वर्णिम आभा
इनके साथ मृदंगम पर सत्यम प्रकाश, तबले पर अंकित मिश्र और अंशुमान महराज ने संगत की। गायक गणेश मिश्र ने दादरा में भरी सिर गागर छोड़ो मोरी बहियां, दिवाना किए श्याम कैसा जादू डाला और अंत में भजन सावरिया मन भायो की प्रस्तुति दी।
गायिका मधुमिता भट्टाचार्या ने केदार में द्रुत खयाल एकताल में गायन की शुरुआत की। जिसके बोल थे 'रंग की सारी क्यों छुपाई, फिर तीन ताल में चांदनी रात मोको ना सुहाये और दादरा में लागे तौरे नैनवा। इसके अलावा सौरव-गौरव मिश्र की जोड़ी ने नृत्य प्रस्तुत किया। समापन मां गंग भजन से किया। मंच का संचालन सुनील मान सिंह ने किया।
बाबा की नगरी में बार बार प्रस्तुति की चाहत-अंकित तिवारी
बाबा भोले शंकर की नगरी में दूसरी बार और मां गंगा के तट पर पहली बार आज अपनी गायकी प्रस्तुत कर रहा हुं। इसके अलावा अंकित तिवारी ने कहा कि कोविड के बाद हम लोग दोबारा इस तरह से शो कर रहे हैं जो कि बहुत अच्छी बात है। बनारस जब भी उन्हें याद करेगा वे प्रस्तुति देने यहां आयेंगे।