आजमगढ़: कुमार विश्वास के नाम पर ठगी, कवि सम्मेलन की होने लगी बुकिंग फिर सामने आया ये फर्जीवाड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मशहूर कवि डा. कुमार विश्वास का कवि सम्मेलन आजमगढ़ में कराने के नाम पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। ठगी के शिकार कार्यक्रम आयोजक प्रवीण शुक्ला ने गुरुवार को शहर कोतवाली में प्रयागराज की इवेंट आर्गनाइजर अंजली द्विवेदी (केडी इवेंट एंड इंटरटेनमेंट) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि अंजली द्विवेदी ने कुमार विश्वास से समय लिए बिना ही 28 नवंबर को उनका कार्यक्रम रखवा दिया और इसके बदले में प्रवीण से 83 हजार रुपये का भुगतान ले लिया।
शहर के लछिरामपुर मुहल्ला निवासी प्रवीण शुक्ला ‘ध्येय आईएएस’ और ‘उपहार फाउंडेशन’ आजमगढ़ के प्रबंधक निदेशक हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मोटीवेशन सेशन और कवि सम्मेलन कराने के उद्देश्य से प्रयागराज की इवेंट आर्गनाइजर अंजली द्विवेदी (केडी इवेंट एंड इंटरटेनमेंट) से संपर्क किया।
अंजली द्विवेदी ने मशहूर कवि कुमार विश्वास का कार्यक्रम कराने का आश्वासन दिया, साथ ही उन्हें मुख्य कवि के रूप में आमंत्रित करने को कहा। अंजली के आश्वासन पर 28 नवंबर को कार्यक्रम निर्धारित कर टिकट की बुकिंग शुरू कर दी गई। 23 नवंबर को कंपनी के एकाउंट में जीएसटी सहित 83 हजार रुपये जमा कर दिए गए।
कंपनी की ओर से दिए गए पत्र में कुमार विश्वास के हस्ताक्षर की कॉपी भी थी। 25 नवंबर को और रुपये जमा कराने का दबाव बनाया जाने लगा, तो उन्होंने कुमार विश्वास के कार्यालय में बात की, तो पता चला कि उनसे किसी प्रोग्राम के विषय में कोई बात ही नहीं हुई है। इस संबंध में डा. विश्वास ने स्वयं ट्वीट कर लोगों को इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद गुरुवार को इस मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।