Sports: UP कुश्ती टीम में वाराणसी मंडल की 4 महिला खिलाड़ी, पुरुष में छह ने दिया ट्रायल; नहीं कर सके क्वालिफाई
Kushti Dangal: चार खिलाड़ियों के चयन पर परिजनों और जिले के लोगों में खुशी का माहाैल है। वहीं, पुरुष वर्ग में छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया लेकिन टीम के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए।
विस्तार
राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम की सीनियर महिला और पुरुष खिलाड़ियो का चयन ट्रायल शनिवार को गोंडा के नंदिनी नगर में हुआ। इसमें महिला वर्ग में वाराणसी मंडल के चार खिलाड़ियों का चयन यूपी टीम में हुआ। वाराणसी की तीन व गाजीपुर की एक खिलाड़ी राष्ट्रीय मुकाबले में यूपी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि यूपी टीम में वाराणसी की मानसी यादव 55 किलो स्थान पाने में कामयाब रही जबकि 65 किलो में गाजीपुर की खिलाड़ी फ्रीडम यादव का चयन हुआ। स्वामीनाथ अखाड़े की कशिश यादव का चयन 62 किलो में जबकि यूपी पुलिस की खिलाड़ी पुष्पा यादव 65 किलो में हुआ है।
जिले के लोगों में उत्साह
बड़ी प्यारी निवासी मानसी यादव अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं। नेशनल के कई मेडल जीत चुकी हैं उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। गाजीपुर निवासी फ्रीडम यादव ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। कशिश राष्ट्रीय स्तर की पहलवान हैं, बरेका अखाड़े पर अभ्यास करती हैं। तीन बार की उत्तर प्रदेश केसरी हैं।
गोरखपुर की पुष्पा भी अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं। यूपी पुलिस में कार्यरत हैं। खिलाड़ियों के चयन भारतीय कुश्ती संघ राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष करण भूषण सिंह, यूपी कुश्ती संघ के महासचिव सुरेशचंद्र उपाध्याय, वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी।