यूपी: राख लदी हाइवा का टायर फटने से पांच घायल, ग्रामीणों ने लगाया जाम; छह घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित
सोनभद्र में राख लदी हाइवा का टायर फटने से पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खस्ताहाल सड़क और उड़ती धूल के विरोध में जाम लगा दिया। इससे बड़े वाहनों का आवागमन करीब छह घंटे तक प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत और धूल से निजात दिलाने की मांग की।
विस्तार
बीजपुर-बखरिहवा मार्ग की खस्ताहाल सड़क और भारी वाहनों से उड़ने वाली धूल के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जरहा गांव के टोला पोथीपाथर में राखड़ लदी हाइवा का टायर फटने से सड़क पर बिखरी गिट्टी के छिटकने से घर के सामने बैठे पांच लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर राखड़ परिवहन कर रहे वाहनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान जाम की वजह से सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बड़े वाहन जाम में फंसे रहे।
बताया गया कि बीजपुर से बखरिहवा तक सड़क पर सोलिंग और गिट्टी बिखरी होने से आवागमन मुश्किल है। वहीं, भारी वाहनों के लगातार संचालन से धूल और राख के गुबार से सड़क किनारे रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को हाइवा का टायर फटने से सुंदर लाल (50), सुकवरिया (75), शिवम (12), मोनू (10) और उदय चंद (9) घायल हो गए। सभी का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
जाम की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और छोटे व सवारी वाहनों का आवागमन शुरू कराया। बड़े वाहन करीब छह घंटे तक जाम में फंसे रहे। इसके बाद तहसील प्रशासन, एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ वार्ता हुई।
इसमें राखड़ परिवहन बंद गाड़ी (बलकर) से कराने, बखरिहवा से बीजपुर तक सड़क पर दोनों पालियों में पानी का छिड़काव कराने और बीजपुर-बखरिहवा मार्ग का निर्माण जल्द कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा स्कूल समय में सुबह सात से नौ बजे और शाम छह से आठ बजे तक भारी वाहनों का संचालन बंद रखने पर भी सहमति बनी।
इन शर्तों पर सहमति बनने के बाद शाम तक यातायात सामान्य हो सका। वार्ता के दौरान नायब तहसीलदार अमजद अली खान, कानूनगो गंगा प्रसाद सिंह, एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक प्रदीप कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र गिरी, म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गौड़, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव समेत अन्य मौजूद रहे।