वाराणसी: साधु के वेश में भिक्षा मांगते पकड़े गए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी, चार अन्य संदिग्धों की जांच
वाराणसी में साधु का वेश धारण कर भिक्षा मांगने के मामले में लंका पुलिस ने हाफिजुल्लाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी का बताया गया नाम-पता सत्यापन में गलत मिला। चार अन्य संदिग्धों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
विस्तार
भगवा वस्त्र पहनकर साधु का वेश धारण कर भिक्षा मांगने के मामले में लंका थाने की पुलिस ने शनिवार देर रात हाफिजुल्लाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी को भिक्षा मांगते हुए पकड़ा गया था। उसने पूछताछ में जो नाम और पता बताया था, पुलिस के सत्यापन में वह गलत पाया गया। इस मामले में चार अन्य संदिग्धों की भी जांच की जा रही है। उनके दस्तावेज और पते का सत्यापन कराया जा रहा है।
18 महीने से चल रहा भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान
काशी में भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने और भिक्षुकों के पुनर्वास के लिए पिछले 18 महीने से अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, पुलिस और अपना घर आश्रम की संयुक्त टीम ने अस्सी, दशाश्वमेध सहित अन्य गंगा घाटों और मंदिरों के आसपास से 23 भिक्षुकों को पकड़ा था। सभी को अपना घर आश्रम में रखा गया था।
दस्तावेजों के सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी
पुलिस ने भिक्षुकों के नाम और पते का सत्यापन किया तो हाफिजुल्लाह की ओर से दी गई जानकारी गलत मिली। जांच में यह भी सामने आया कि कई लोग वाराणसी के स्थानीय निवासी नहीं हैं। वे अंबेडकरनगर से समूह में आकर भिक्षा मांगते हैं।
आश्रम के संरक्षक डॉ. कुमार निरंजन ने भी अपने स्तर से दस्तावेजों का सत्यापन कराया था। उनका कहना है कि आधार कार्ड के सत्यापन में भी गड़बड़ी सामने आ रही है। पुलिस इस मामले में आरोपी और अन्य संदिग्धों के दस्तावेजों की जांच कर रही है।
