UP: शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी में FIR, नंबर ट्रेस करने में जुटी पुलिस; गविष्ठी यात्रा की तैयारी तेज
Varanasi News: पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके शिष्य परमात्मानंद ब्रह्मचारी ने भेलूपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले नंबर को ट्रेस करने में जुटी है।
परमात्मानंद ब्रह्मचारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद देशभर में ‘गो माता राष्ट्रमाता’ अभियान और गो रक्षा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 3 मई से उत्तर प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘गविष्ठी यात्रा’ प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां चल रही हैं।
जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल की सुबह ज्योतिर्मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से आपत्तिजनक भाषा में संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में अभद्र और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद उस नंबर को ब्लॉक कर दिया गया, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका।
परमात्मानंद के अनुसार, छह अप्रैल की दोपहर उसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वॉयस मेल के माध्यम से दो ऑडियो संदेश भेजे गए। इन संदेशों में भी अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए शंकराचार्य को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि धमकी देने वाले ने कहा कि उनका हश्र अतीक अहमद जैसा किया जाएगा और गविष्ठी यात्रा के दौरान ही उन्हें खत्म कर दिया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भेलूपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई है, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है और तकनीकी माध्यमों से उसे ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।