यूपी: पूर्व भाजपा सांसद भरत सिंह सहित 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर, बलवा और हत्या के प्रयास में मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बलिया जिले के पूर्व भाजपा सांसद भरत सिंह व उनके परिवार के अन्य 11 लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोर्ट ने इनके खिलाफ एक मामले को लेकर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। जिले की बैरिया थाना पुलिस ने बलवा व हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ज्ञात हो कि पिछले 29 अगस्त को टोला नेकाराय निवासी रामबालक सिंह के परिजनों के साथ पूर्व सांसद भरत सिंह के परिजनों से जमीन को लेकर विवाद हो गया था। उसमें गोली लगने से पूर्व सांसद भरत सिंह के भाई का पौत्र घायल हो गया था।
मामले में बैरिया पुलिस ने रामबालक सिंह व उनके परिजनों पर धारा 307 सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद अधिवक्ता शैलेश सिंह निवासी टोला नेकाराय ने सीआरपीसी की धारा 156(3) के तहत सीजीएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बैरिया पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार लगाई थी।
इसी क्रम में सीजीएम बलिया ने बैरिया पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। इस आदेश के अनुपालन में बैरिया पुलिस ने पूर्व सांसद भरत सिंह, उनके अनुज त्रिलोकी सिंह, त्रिभुवन सिंह के साथ राणाप्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह, गोल्डेन सिंह, सुरेन्द्र विक्रम सिंह, प्रियांशू सिंह, अभिषेक सिंह, रविन्द्र सिंह उर्फ बतासा सिंह, दयाशंकर सिंह, चन्द्रशेखर सिंह व एक अज्ञात पर कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है, दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
गोली चलाने वालों ने ही दर्ज कराई फर्जी एफआईआरः भरत सिंह
इस मामले में पूर्व सासंद ने कहा कि गोली चलाकर मेरे परिवार के बच्चे की हत्या का प्रयास किया गया। घटना के दिन मैं था भी नहीं, लेकिन हम पर व हमारे परिवार पर सीजीएम से आदेश कराकर एफआईआर दर्ज कराई गई है। मुझे कानून पर पूरा भरोसा है, कानून अपना काम करेगा।