महापर्व: देश के दूसरे हिस्सों से अलग है काशी का छठ, गंगा और प्राचीन घाटों से जुड़ी है परंपरा; जानें परंपराएं
देश के अन्य हिस्सों की तुलना में काशी का छठ पर्व अपनी विशिष्ट परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के लिए अलग पहचान रखता है। यहां छठ पूजा की परंपरा गंगा और प्राचीन घाटों से गहराई से जुड़ी है। बीएचयू के ज्योतिष विज्ञान विभाग के डॉ. सुभाष पांडेय ने काशी में छठ की विशिष्ट परंपराओं और उनके धार्मिक महत्व की जानकारी दी।
विस्तार
छठ महापर्व देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है, लेकिन काशी में गंगा और प्राचीन घाटों से जुड़कर इसकी अलग छटा दिखाई देती है। यहां गंगा तट पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य आस्था के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी सामने लाता है।
बीएचयू के ज्योतिष विज्ञान विभाग के डॉ. सुभाष पांडेय ने छठ की धार्मिक मान्यताओं, चार दिनों की परंपराओं और काशी में इसकी विशिष्टता के बारे में विस्तार से बताया। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है। यह सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ी प्राचीन परंपरा है।
चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करते हैं। पर्व की सबसे खास परंपरा डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना है। देश के अलग-अलग हिस्सों में छठ की परंपराएं निभाई जाती हैं, लेकिन काशी में गंगा के तट और प्राचीन घाटों से इसका जुड़ाव इसे विशिष्ट पहचान देता है।
चार दिनों तक चलती है सूर्य उपासना की परंपरा
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान और पूजा के बाद शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण करते हैं। दूसरे दिन खरना का विधान है। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। इन चार दिनों में सूर्यदेव के साथ छठी मइया की पूजा-अर्चना की जाती है।
