Varanasi News: 48 घंटे में ठीक होंगी खराब स्ट्रीट लाइटें, शिकायत के लिए लगेगा क्यूआर कोड; जानें नई व्यवस्था
Varanasi News: वाराणसी के 18 वार्डों में 999 सोलर लाइट और 130 हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना लागू करने का निर्देश जारी किया गया है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। स्मार्ट सिटी सभागार में अधिकारियों ने समीक्षा बैठक की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: शहर की सड़कों और गलियों में खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम अब नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। बुधवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आलोक और परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने निर्देश दिया कि शहर में खराब स्ट्रीट लाइटों की पहचान और शिकायत के लिए क्यूआर कोड या जीआई बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों पर विधानसभा, वार्ड, मोहल्ला कोड और संबंधित स्ट्रीट लाइट का नंबर अंकित होगा, जिससे नागरिक आसानी से शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
निगम प्रशासन ने ऐसी शिकायतों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर करने का लक्ष्य तय किया है। शहर के चिह्नित 18 वार्डों में 999 सोलर लाइट और 130 हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना को लागू करने का निर्देश दिया गया।
अफसरों को निर्देश जारी
बैठक में बताया गया कि शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें ईईएसएल कंपनी की हैं, जिनके रखरखाव की अवधि दिसंबर में समाप्त हो चुकी है। फिलहाल नगर निगम अपने स्तर पर व्यवस्था संभाल रहा है। इस पर महापौर ने नई फर्म के चयन के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही दो हजार स्ट्रीट लाइटों का स्टॉक रखने को कहा, ताकि खराब लाइटों को तुरंत बदला जा सके।
महापौर ने पार्षदों के कोटे से स्वीकृत स्ट्रीट लाइटों को एक सप्ताह के भीतर लगाने की समय-सीमा तय की। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर निगम की आय बढ़ाने और खर्च कम करने के लिए नवाचार पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि इस बार देव दीपावली पर किराए की झालरों के बजाय निगम स्वयं झालरें खरीदकर कुछ घाटों और कुंडों को सजाने का प्रयोग करेगा, जिससे भविष्य में खर्च कम होगा।
परिवहन विभाग की समीक्षा में महापौर ने निर्देश दिया कि अब निगम के वाहनों की मरम्मत वर्कशॉप में नहीं होगी, बल्कि अधिकृत सर्विस सेंटर से ही सर्विसिंग कराई जाएगी। साथ ही जोनल स्वच्छता अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कहीं भी कूड़ा दिखने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर नगर आयुक्त, आलोक व परिवहन विभाग के अधिकारी तथा जोनल स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे।