UP: गंगा में गिरते ही पापा-पापा चीख रहे थे बेटे, फेंकते वक्त नहीं पसीजा पिता का कलेजा; मां बोली- सजा दो इसे
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में सोमवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक कलह के चलते एक पिता ने अपने मासूम दो बेटों के साथ रिंग रोड स्थित भवनपुरा पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी।
विस्तार
Varanasi News: रिंग रोड फेज तीन गंगा पुल पर बच्चों के साथ गंगा में कूदने के मामले में लोगों ने बताया कि संदीप और आशीष पुल के बीचोबीच खड़े होकर गंगा की लहरों को देख रहे थे। अचानक दुर्गा ने पहले बेटे आशीष को फेंका। संदीप यह देखकर चिल्लाया, लेकिन तब तक दुर्गा ने उसे भी फेंक दिया।
पुल से नीचे गिरते ही दोनों पापा...पापा चीख रहे थे। तब तक दुर्गा भी कूद गया। पिता और दोनों बेटे आसपास ही थे। लोगों ने पुलिस बताया कि कुछ ही क्षण में दोनों बेटे पानी के अंदर समा गए। पिता भी तेज बहाव में मुस्तफाबाद की ओर निकल गया।
परिजनों में मचा कोहराम
परिजनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों से विवाद के बाद दुर्गा ने कहा था कि आज सारा किस्सा खत्म कर दूंगा। बच्चों को लेकर घर से निकला तो छोटे भाई ने रोकने का प्रयास किया। पीछे-पीछे छोटा भाई गया भी था, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी।
इस घटना को क्षेत्र में जिसने भी सुना, उसका कलेजा कांप उठा। हर किसी ने दुर्गा को कोसा कि दोनों मासूम बेटों ने क्या बिगाड़ा था। दुर्गा को ससुराल वालों से लेकर अन्य रिश्तेदारों ने भी फटकारा। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पत्नी मंजू देवी की तहरीर मिली है। उसी आधार पर पति दुर्गा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पति दुर्गा सोनकर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नए पुल पर खुदकुशी की यह पहली घटना
पुल पर भीड़ देख रुके चंदौली के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला प्रशासन से गंगा किनारे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। नए पुल पर खुदकुशी की यह पहली घटना है।
अस्पताल में भर्ती पति को देखने तक नहीं गई पत्नी
दुर्गा को पहले घर फिर उसके बाद तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच पत्नी मंजू देवी दोनों बच्चों को याद कर अचेत हो जा रही थी। आसपास की महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला। महिलाएं दुर्गा को कोस रही थीं। दुर्गा के ससुराल से पहुंचे लोग भी काफी आक्रोशित रहे। चांदपुर गांव में हर कोई इस घटना से मर्माहत रहा।
यह भी पढ़ें: पारिवारिक कलह में पिता ने दो बच्चों के साथ गंगा में छलांग लगाई, शख्स बचा, दोनों मासूम लापता