UP: ट्रक का पहिया चेक कर रहे बाप-बेटे को दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, अंधेरे में हादसा; टोल प्लाजा पर पकड़ाया
Road Accident: आजमगढ़ में सड़क हादसे की सूचना पाकर अहरौला थाने की पुलिस पहुंच गई। सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी ट्रक को चालक सहित टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया गया। वहीं, घायलों को सीएचसी भेज दिया गया, जहां से रेफ कर दिया गया।
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के 204 प्वाइंट पर ट्रक रोककर पहिया चेक कर रहे बाप-बेटे को पीछे से आए दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंजाब निवासी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका बेटा बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार थाना सिटी, जिला पटियाला (पंजाब) निवासी 60 वर्षीय बलवीर सिंह अपने बेटे और सह चालक पवनदीप के साथ ट्रक लेकर पंजाब से आजमगढ़ आ रहे थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्होंने एक्सप्रेस-वे के 204 प्वाइंट पर ट्रक पीली पट्टी के अंदर खड़ा किया। इसके बाद वह नीचे उतरकर ट्रक का टायर और पहिया चेक करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
पंजाब में परिजनों को दी गई सूचना
टक्कर इतनी भीषण थी कि बलवीर सिंह के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के समय ट्रक में मौजूद पवनदीप को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और कंट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया।
अहरौला सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. शिवकुमार यादव ने बताया कि बलवीर सिंह के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं और लगातार खून बह रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को यूपीडा की कंट्रोलिंग पुलिस ने सेहदा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। बाद में वाहन को कंधरापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।