BHU: हिंदी के पांच शोध छात्रों का निष्कासन निरस्त, विरोध के कारण बैकफुट पर विश्वविद्यालय प्रशासन
अनियमित तरीके से दाखिले के आरोप में बीएचयू हिंदी विभाग में पांच शोध छात्रों का दाखिला निरस्त कर दिया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में छात्र धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
विस्तार
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हिंदी विभाग में पांच शोध छात्रों का निष्कासन निरस्त कर दिया गया है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपना निर्णय वापस लिया है। इसके साथ ही 20 दिनों से चल रहा प्रवेश निरस्तीकरण का गतिरोध भी समाप्त हो गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पांच शोध छात्रों को प्रवेश बहाली की सूचना उनके व्यक्तिगत ई मेल पर दे दी है। गुरुवार को हिंदी विभाग के धरनारत छात्रों को जैसे ही सूचना मिली कि पांच शोध छात्रों के प्रवेश निरस्तीकरण खत्म कर दिया गया है तो हर्ष जताया। छात्रों ने कहा कि यह सत्य की जीत है। छात्रों ने बताया कि इस मामले में पूरी तरह से विश्वविद्यालय प्रशासन जिम्मेदार था।
छात्र समुदाय के लिए यह जीत एक नजीर के तौर पर पेश की जाएगी। इसके साथ ही छात्रों ने कहा कि अब विभाग पिछले सात महीनों से लंबित हमारी डीआरसी, छात्रावास आवंटन और अन्य प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा कराए।
नर्सिंग छात्रों ने किया सदबुद्धि यज्ञ
बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के नर्सिंग छात्रों की मांग तीन दिन बाद भी पूरी नहीं हुई। अब तक कोई कार्रवाई न होने के विरोध में छात्रों ने बृहस्पतिवार को सुबह धरना स्थल पर सदबुद्धि यज्ञ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहूति देकर चिकित्सा विज्ञान संस्थान प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की।
हॉस्टल आवंटन, छह माह के इंटर्नशिप में मानदेय दिए जाने, एमएससी नर्सिंग में दाखिला दिए जाने के साथ ही समय से परीक्षा करवाने की मांग को लेकर नर्सिंग छात्र धरने पर बैठे हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि मांग न मान लिए जाने तक धरना जारी रहेगा।
बीएचयू का विश्व पंचांग बिक्री के लिए तैयार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की ओर से प्रकाशित होने वाला विश्व पंचांग बन कर तैयार हो गया है। आमजन के लिए बृहस्पतिवार से ही इसे उपलब्ध करा दिया गया है। सुविधा और रुचि को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर के अंदर ही विश्व पंचांग के विक्रय का इंतजाम किया है। परिसर स्थित लक्ष्मणदास अतिथिगृह के सामने स्थित प्रकाशन पटल पर विश्व पंचांग का एक प्रति 40 रुपये में खरीदा जा सकता है। विक्रय पटल सुबह 10:30 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रत्येक कार्य दिवस पर खुला रहेगा।