उम्मीदें 2026...बाबतपुर एयरपोर्ट: नई टर्मिनल बिल्डिंग, मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात; दिखेगी काशी की संस्कृति
Varanasi News: वाराणसी के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बनने वाले टर्मिनल बिल्डिंग को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। इसमें विशेष सुविधाएं भी होंगी। इसके पूरे परिसर में काशी की वैश्विक संस्कृति भी दिखाई देगी।
विस्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नई, आधुनिक और तीन मंजिला टर्मिनल बिल्डिंग बन रही है, जो भविष्य में 28 विमानों की पार्किंग क्षमता के साथ वाराणसी की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।
विस्तार के बाद यह 75,000 वर्ग मीटर का विशाल परिसर होगा जिसमें आधुनिक सुविधाएं, ज्यादा चेक-इन काउंटर और बेहतर व्यवस्थाएं होंगी। यह 2026 के अंत तक तैयार हो जाएगी। इस परियोजना की लागत करीब 2870 करोड़ रुपये है। इसी के साथ मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा भी जोड़ी जा रही है जिससे यात्रियों और उनके साथ आने वालों को राहत मिलेगी। वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।
नगर निगम का नया सदन भवन विधानसभा जैसा होगा
नगर निगम का नया सदन भवन लगभग 97 करोड़ रुपये की लागत से 70,000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। इसमें 300 पार्षदों के बैठने की व्यवस्था और लिफ्ट, पार्किंग, सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह सात मंजिला भवन होगा और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस भवन को लखनऊ के विधानसभा जैसा बनाया बनाया जा रहा है।
एकीकृत मंडलीय कार्यालय : 59 विभागों के काम एक ही जगह से होंगे
यह प्रोजेक्ट एक बड़ी पहल है, जिसमें लगभग 59 सरकारी विभागों के दफ्तर एक ही छत के नीचे होंगे। इसमें 10 मंजिला ट्विन टावर, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम, बैंक, कैंटीन, पार्किंग, जिम और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं होंगी। इसका निर्माण वाराणसी विकास प्राधिकरण कर रहा है।
तारामंडल में देखें तारों, ग्रहों की चाल
लहरतारा के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के पास आधा एकड़ जमीन पर तारामंडल बनेगा। इसके लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने जमीन चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। जनवरी 2026 से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। यहां बड़े गुंबद पर प्रोजेक्शन के जरिये तारों, ग्रहों और अंतरिक्ष की घटनाओं को दिखाया जाएगा, जिससे रात के आकाश जैसा अनुभव मिलेगा।
कैथी में क्यूपीओएम पुल
कैथी में गंगा नदी पर क्यूपीओएम तकनीक से पुल बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य बड़े कार्गो जहाजों के आवागमन को आसान बनाना है, जिससे नदी परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण भी कम होगा। यह एक प्रकार का तैरता घाट या पांटून होगा।
दो व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स
सिगरा में स्टेडियम के पास 40.52 करोड़ रुपये की लागत से व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स बनेगा। कबीरचौरा में 25 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स तैयार होगा। इन दोनों के निर्माण के लिए धनराशि नगर निगम बांड से जुटाई जाएगी।