ईवीएम प्रकरण: अनियमितता पर वाराणसी डीएम ने लिया एक्शन, एडीएम आपूर्ति को निर्वाचन के सभी कार्यों से हटाया
वाराणसी ईवीएम प्रकरण में डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने कार्रवाई की है। एडीएम (आपूर्ति) नलिनी कांत सिंह को निर्वाचन कार्यों से अवमुक्त कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में मंगलवार शाम से ईवीएम पर मचा सियासी तूफान बुधवार अलसुबह तक थम गया। अब इस मामले में कार्रवाई होने लगी है। मामले में एडीएम (आपूर्ति) नलिनी कांत सिंह को निर्वाचन कार्यों से अवमुक्त कर दिया गया है। नलिनी कांत सिंह को ईवीएम का नोडल प्रभारी बनाया गया था।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, नलिनी कांत सिंह ने मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनैतिक दलों को मूवमेंट प्लान शेयर किए बिना ही ईवीएम को प्रशिक्षण कार्य के लिए यूपी कॉलेज भेजा।
आदेश के अनुसार, नलिनी कांत की इस लापरवाही की वजह से वाराणसी के प्रत्याशियों में बहुत बड़े भ्रम की स्थिति फैली, जिसे नियंत्रित करने में वाराणसी जिले की छवि गंभीर रूप से धूमिल हुई। ऐसी गंभीर अनियमितता के कारण नलिनी कांत सिंह अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) को ना सिर्फ ईवीएम नोडल प्रभारी के कार्य से अवमुक्त कर दिया गया बल्कि निर्वाचन के सभी कार्यों से हटा दिया गया।
संजय कुमार बने ईवीएम नोडल प्रभारी
एडीएम के मतगणना स्थल पर जाने पर भी रोक
उनके मतगणना स्थल पर जाने पर भी रोक लगाने का आदेश है। नलिनी कांत की जगह पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार को ईवीएम का नोडल प्रभारी बनाया गया है। बता दें कि मंगलवार शाम वाहन से ईवीएम मिलने पर समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों को कार्यकर्ताओं ने खासा हंगामा किया था।
उन्हें समझाने में प्रशासन को नाकों चने चबाने पड़े थे। रात में ही जब हंगामा हो रहा था तो मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने मूवमेंट प्लान शेयर करने में चूक की बात स्वीकार की थी। तभी से अंदेशा था कि इस मामले में कोई ना कोई कार्रवाई जरूर होगी।
फिर से होने लगी नेताओं की जुटान
लगभग नौ घंटे चला था बवाल
पहड़िया मंडी स्थित मतगणना केंद्र के बाहर रातभर चले हंगामे के बाद बुधवार दोपहर से नेताओं की जुटान होने लगी है। मतगणना स्थल से ईवीएम बाहर ले जाने पर नौ घंटे चले बवाल के बाद प्रशासन व प्रत्याशियों को बीच सहमति तो बन गई लेकिन कुछ शंकाएं रह गईं हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आह्वान के बाद शिवपुर सीट से प्रत्याशी अरविंद राजभर समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर बैठे हुए हैं। सपा नेता पूजा यादव भी समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर डटी हुईं है। पहाड़िया मंडी में आज जब एडीसीपी और एडीएम प्रशासन की गाड़ी अंदर आई तो सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका। ईवीएम गड़बड़ी की आशंका में वाहन की गहनता से जांच की फिर अंदर जाने दिया।
उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
सिपाही पर हमला करने वाले उपद्रवियों पर होगा मुकदमा
पहड़िया मंडी में मंगलवार को ईवीएम बाहर भेजे जाने को लेकर बवाल मचने के दौरान अधिकारियों के वाहन पर पथराव करने और सिपाही पर हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कराएगी। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके लिए पांडेयपुर लालपुर पुलिस को निर्देशित किया गया है।
पुलिस इस बिंदु पर ज्यादा फोकस कर रही है कि एडीजी की कार और सिगरा पुलिस की जीप पर पथराव करने में किसने उकसाया है। उनके खिलाफ भी पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर पहड़िया मंडी परिसर में सीपीएमएफ, पीएसी और पुलिस के जवान तैनात हैं।