Varanasi: अंग्रेजी अल्फाबेट...शहर के 75 विद्यालयों में 140, गांव में समायोजित किए गए 3 शिक्षक; जानें खास
Varanasi News: जिले में 73 विद्यालय के 559 शिक्षकों का समायोजन होना था। विस्तारीकरण के बाद शहरी सीमा में तैनात रहने को 556 ने इसका विकल्प चुना था। तीन शिक्षकों ने गांव में तैनाती मांगी थी।
विस्तार
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 75 विद्यालयों के 140 शिक्षकों का समायोजन हो गया है। इन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के तीन दिन के अंदर संबंधित विद्यालय में जॉइन करना होगा। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने 30 दिसंबर को शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि नगरीय सीमा के विस्तारीकरण के बाद विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए उनका समायोजन करने का शासन ने आदेश दिया था। जिले में 73 विद्यालयों के 559 शिक्षकों का समायोजन होना था। इसके लिए इन शिक्षकों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती को लेकर विकल्प माना गया था।
इसमें 556 शिक्षकों ने शहर में तैनाती का विकल्प चुना था। वहीं तीन शिक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती का विकल्प चुना। बीएसए ने बताया विकल्प मिलने के बाद वरिष्ठता के आधार पर शिक्षकों को चिह्नित किया गया। इनका चयन अंग्रेजी के अल्फाबेट के आधार पर हुआ।
बिगड़ गया था शिक्षकों का अनुपात
इसके बाद नगर के 75 विद्यालयों में 140 शिक्षकों को बंद, एकल और छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में इन 140 शिक्षकों को तैनाती दी गई। तीन शिक्षक ग्रामीण क्षेत्र में भेजे गए। बीते 30 दिसंबर को इन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया। समायोजन के बाद जिले में एक भी विद्यालय ऐसा नहीं है जहां दो से कम शिक्षक हों। वर्षों से नगरीय स्कूलों में नई नियुक्तियां न होने और कई शिक्षकों के सेवानिवृत्त हो जाने से छात्र की संख्या के सापेक्ष शिक्षकों का अनुपात बिगड़ गया था।
समायोजन के बाद बंद विद्यालयों में 5, एकल शिक्षक विद्यालयों में 27 और छात्र संख्या के मानक के अनुरूप कम शिक्षक संख्या वाले 43 विद्यालयों में इन 140 शिक्षकों को तैनाती दी गई है। 3 दिन के अंदर अपने विद्यालय में जॉइन करना है। बीएससए ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में जिन शिक्षकों का समायोजन शहरी संवर्ग में किया जाएगा, उनकी वरिष्ठता शहरी संवर्ग में सबसे नीचे मानी जाएगी।