Electricity Crisis: तार पर गिरी पेड़ की डाली, दो घंटे तक अंधेरे में रहा शहर; मोबाइल की रोशनी में हुआ काम
Varanasi News: वाराणसी में आंधी-बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी इलाकाें में छोटे-बड़े हादसे भी होते रहे। पेड़ गिरने से कई क्षेत्रों में बत्ती गुल कर दी गई। इस कारण घर में जरूरी काम नहीं हो पाएं।
विस्तार
Electricity Crisis in UP: बुधवार की शाम आई आंधी-पानी की वजह से जिले में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह पेड़ की डालियां टूटकर तार पर गिर गईं। इस बीच मेन सप्लाई से भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे दो घंटे तक पूरा शहर अंधेरे में रहा।
देर शाम 7 बजे के बाद किसी तरह आपूर्ति बहाल हुई। आंधी के दौरान भिखारीपुर स्थित एमडी ऑफिस की बिजली करीब 4 बजे गुल हो गई। करीब आधे घंटे तक अंधेरा रहा और जेनरेटर नहीं चल सका। इस वजह से अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोबाइल की रोशनी में कामकाज किया।
शहर में भदैनी पावर हाउस के सामने आम के पेड़ की डाल गिरने से बिजली का तार और नीचे लगा जंक्शन टूट गया। कछवा रोड सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ठटरा, पूरे रूपापुर सहित अन्य फीडर की बिजली सप्लाई 3:30 बजे से 5:45 बजे तक बाधित रही। धौरहरा गांव में प्रधान के दरवाजे पर नीम का पेड़ तार पर गिरने से आपूर्ति बाधित रही। चिरईगांव में जगह-जगह पेड़ गिरने, तार टूटने और पोल क्षतिग्रस्त होने से दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
रामनगर में टूट गया इंसुलेटर, पोल भी टूटा
रामनगर में साहुपुरी का इंसुलेटर टूटने की वजह से पंचवटी और उसके आसपास बिजली गुल हो गई। रस्तापुर नमकीन फैक्टरी के पास पोल टूटकर गिर गया, तो रामपुर शीतला माता मंदिर वाली गली के अंदर छावनी के पास पेड़ टूटकर तार पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। हरहुआ में तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल, तार और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
तार और खंभे पर गिर गया पेड़
लोहता के छितौनी गांव में पेड़ टूटकर मेन सप्लाई वाले तार पर गिर गया। रोहनिया के विद्युत उपकेंद्र करसड़ा फीडर से 3:30 बजे से कटी बिजली किसी तरह शाम 7 बजे बहाल हो पाई। सेवापुरी इलाके में भी आंधी की वजह से जगह-जगह फॉल्ट होने के कारण कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। चौबेपुर के गरथौली उपकेंद्र से अजांव, गरथौली, गोलधमकवां, कादीपुर, छितमपुर समेत कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। उगापुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ अजीत कुमार सोनकर ने बताया कि तेज हवाओं के चलते जगह-जगह पेड़ों की डालियां गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित थी।