वाराणसी: 11 केवी लाइन की चपेट में आने से इलेक्ट्रीशियन की गई जान, एक दिन पहले बना था पिता
वाराणसी के बीरभानपुर राजातालाब निवासी दिनेश पटेल (30 वर्ष) श्रीनगर कॉलोनी में मुन्नी देवी के घर के सामने विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करने के लिए बिजली के पोल से कनेक्शन काटने के दौरान 11 केवी तार के संपर्क में आ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के अकथा स्थित श्रीनगर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करते समय मजदूर बिजली की चपेट में आने से झुलस गया। आनन-फानन में लोगों ने उसे सिगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बीरभानपुर राजातालाब निवासी दिनेश पटेल (30 वर्ष) श्रीनगर कॉलोनी में मुन्नी देवी के घर के सामने विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर स्थानांतरित करने के लिए बिजली के पोल से कनेक्शन काटने के दौरान 11 केवी तार के संपर्क में आ गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस कर नीचे गिर गया।
कार्य करा रहे निजी ठेकेदार ने घायल को सिगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था, जिसे एक तीन वर्ष की पुत्री है तथा बीते बृहस्पतिवार को पत्नी रेखा पटेल ने हॉस्पिटल में एक पुत्र को जन्म दिया है।
महिला पर दर्ज कराई जाएगी प्राथमिकी
इस बारे में अधिशासी अभियंता एके सिंह ने बताया कि श्रीनगर निवासी मुन्नी देवी ने अपने घर के सामने से ट्रांसफार्मर हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। उनको कहा गया था कि जब तक आप विद्युत निदेशालय से एनओसी प्राप्त नहीं कर लेतीं, तब तक विद्युत विभाग ट्रांसफार्मर नहीं हटाएगा।
इसके बावजूद उन्होंने प्राइवेट ठेकेदार व मिस्त्री बुलाकर अपने घर के सामने से ट्रांसफार्मर हटवाने की कोशिश की। इसी दौरान ऊपर 11 केवी के तार के चपेट में मजदूर आ गया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग द्वारा मुन्नी देवी पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
चार पहिया वाहन के धक्के से बुजुर्ग की मौत
लालपुर सब्जी मंडी में शुक्रवार सुबह चार पहिया वाहन के धक्केे से बुजुर्ग की मौत हो गई। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को भी हिरासत में ले लिया है। चंदौली चकिया के सिंकदरपुर निवासी नंदू साव 60 वर्ष लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज में किराये के मकान में रहता था।
सुबह में सब्जी लेने के लिए लालपुर सब्जी मंडी गया था। इस बीच सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आकर नंदू घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, हालत चिंताजनक होने पर बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बुजुर्ग की पत्नी गुलाबो देवी बेसुध हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।