सुविधा: वाराणसी में कल से दो नए मार्गों पर फर्राटा भरेंगी इलेक्ट्रिक बसें, जानें किराया समेत अन्य जानकारी
बीते 11 दिसंबर से वाराणसी में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। अब इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन में रूटों का विस्तार किया जा रहा है। मंगलवार से दो नए रूट चौबेपुर और रामनगर के लिए इसका संचालन शुरू हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में इलेक्ट्रिक बसों के मार्गों के विस्तार की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंगलवार से दो नए रूट चौबेपुर और रामनगर के लिए इसका संचालन शुरू हो जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की ओर से इसे चलाने का फैसला लिया गया है।
शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बीते साल 2021 में 11 दिसंबर से शहर भर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। अब इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन में रूटों का विस्तार किया जा रहा है। दो नए रूट पर एक फरवरी से संचालन शुरू हो जाएगा।
इनमें चौबेपुर जाने वली ई-बसें कैंट से चौकाघाट, खजूरी, पुलिस लाइन, पांडेयपुर, पहड़िया, आशापुर, लेढ़ूपुर, चिरईगांव ब्लॉक, उमरहा, स्वरवेद मंदिर और डुबकियां होते हुए चौबेपुर जाएंगी। वहीं रामनगर जाने वाली ई बसें कैंट रेलवे स्टेशन से सिगरा, रथयात्रा, कमच्छा, रविंद्रपुरी, दूर्गाकुंड, रविदास गेट होते हुए लंका से रामनगर जाएंगी।
पढ़ेंः मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर प्रयागराज के लिए चार मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, यहां जानें खास जानकारी
नए रूटों पर निर्धारित किया गया किराया
वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के प्रभारी व चंदौली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि नए रूटों पर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। चालकों और परिचालकों को संबंधित मार्ग की जानकारी दे दी गई है। इलेक्ट्रिक बस में सफर करने वाले यात्रियों को चौबेपुर और रामनगर जाने के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। कैंट से चौबेपुर तक जाने के लिए यात्रियों को 35, पांडेयपर और पहड़िया से चौबेपुर जाने के लिए 30 और आशापुर से चौबेपुर जाने के लिए 25 रुपये किराया देना होगा।
वहीं कैंट से रामनगर जाने वाले यात्रियों को 25 और लंका से रामनगर जाने के लिए 10 रुपये किराया देना होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी परिक्षेत्र कमलाकांत तिवारी ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें एक फरवरी से दो और नए रूटों पर संचालित की जाएंगी। किराया भी तय कर लिया गया है।