कुर्बानी का पर्व बकरीद आज: घरों में पढ़ी जाएगी नमाज, वाराणसी के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर
कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार लगातार दूसरे साल बकरीद की नमाज घरों में ही अदा की जाएगी। वाराणसी शहर में 20 क्विक रिस्पांस टीम चक्रमण करती रहेगी। साथ ही आईटीबीपी और पीएसी भी तैनात रहेगी।
विस्तार
कुर्बानी का पर्व बकरीद बुधवार को मनाया जाएगा। त्याग और बलिदान के पर्व की तैयारियां वाराणसी में मंगलवार देर रात तक चलती रहीं। कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार लगातार दूसरे साल बकरीद की नमाज घरों में ही अदा की जाएगी।
बकरीद पर्व का उल्लास मुस्लिम इलाकों में नजर आया। बकरीद मुबारक हो की सदाएं फिजां में गूंज उठीं। बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को काशी और वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों संग वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विशेष दिशा निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहे और धर्मगुरुओं सहित इलाके के प्रबुद्धजनों संग संवाद स्थापित करें।
बुधवार को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही नमाज अदा की जाएगी। मंगलवार को लोगों ने बकरीद पर्व की अंतिम खरीदारी भी की। कई लोग कोरोना गाइडलाइन को लेकर बेपरवाह नजर आए। बाजारों में देर रात तक चहल पहल रही। बकरीद पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह है। बकरीद का पर्व मनाने के लिए घरों में देर रात तक तैयारियां भी चलती रहीं।
इधर मंगलवार को अल्लाह की राह में कुर्बानी के लिए पशुओं की भी खरीदारी जमकर हुई। मंगलवार को मुस्लिम भाइयों ने अपने-अपने घर के आसपास लगने वाली बकरा मंडी से बकरा की खरीदारी की। घरों में आने वाले मेहमान के स्वागत की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। ईद-उल-अजहा की नमाज अदा करने के लिए सभी अपने अपने घरों की सफाई के काम में भी जुटे रहे।
आईटीबीपी और पीएसी रहेगी मुस्तैद
वाराणसी में बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बल मुस्तैद है। शहर में 20 क्विक रिस्पांस टीम चक्रमण करती रहेगी। साथ ही आईटीबीपी और पीएसी भी तैनात रहेगी। पुलिस आयुक्त ने शहरवासियों से अपील भी की है कि शांति और सौहार्द वातावरण में बकरीद पर्व मनाएं। सावन को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिया।
दोपहर से लेकर देर शाम तक वरुणा और काशी जोन के पुलिस कर्मियों ने शहर में मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की। उधर, सावन और बकरीद के मद्देनजर काशी जोन के एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी, एसीपी कोतवाली प्रवीण कुमार सिंह ने आदमपुर थाना अंतर्गत धर्मस्थलों में लाट भैरव, ओमकालेश्वर मंदिर सहित विभिन्न धर्मस्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुजारी, मुतवल्ली से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी डायरी में नोट किया। वहीं पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग की गई।