Puja Pandal Fire: अग्निकांड के पीड़ितों को देखने अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री, बोले- CM योगी खुद रख रहे नजर
भदोही अग्निकांड के पीड़ितों का हालचाल लेने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, दीनानाथ भास्कर और जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल व बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
विस्तार
भदोही जिले में रविवार रात दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड में झुलसे लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। अग्निकांड के पीड़ितों का हालचाल लेने के लिए सोमवार सुबह कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, दीनानाथ भास्कर और जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल व बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
इस दौरान मीडिया से हुई बातचीत में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूरे घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे में पांच लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए घायलों के उपचार के लिए समुचित व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं।
वाराणसी के अलग-अलग अस्पतालों में 43 लोगों का उपचार
सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती घायलों को देखने के लिए परिजनों की ही नहीं बल्कि प्रशासनिक और शासन की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि भी पहुंचे। इस दौरान उनके साथ चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की टीम भी मौजूद थी। भदोही पंडाल आग हादसे में झुलसे हुए 43 पुरुष, महिला और बच्चों को वाराणसी स्थित मंडलीय अस्पताल, बीएचयू और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें: पंडाल में लगी आग से एक ही परिवार के छह लोग झुलसे, दादी समेत दो पोतों की मौत
घायलों के तीमारदारों को दिलाया भरोसा
सभी के बेहतर इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को पहले से ही अलर्ट कर दिया गया है। मरीजों के इलाज और अन्य बुनियादी चीजों के लिए पूरा जिला प्रशासन लगा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं। वह पूरी संवेदनशीलता के साथ झुलसे हुए लोगों की इलाज की जानकारी ले रहे हैं।
हादसे में अब तक पांच की मौत
पढ़ें: पूजा पंडाल में तीन बच्चों समेत 5 जिंदा जले, आज आ सकते हैं सीएम योगी, अबतक पांच गिरफ्तार
बता दें कि औराई थाना के नरथुआ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार रात नौ बजे आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं 64 लोग झुलस गए। 20 की हालत चिंताजनक है। दुर्गा पूजा आरती के दौरान पंडाल में कई गांवों से पहुंचे करीब डेढ़ सौ भक्तों पर पंडाल की आग ने ऐसा कहर ढाया कि घरों के चिराग तक इस आंच में बुझ गए।