संवरेंगे वाराणसी के दशाश्वमेध और कबीरचौरा क्षेत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कबीर नगर कॉलोनी को तार के जंजाल से मुक्त करने के बाद अब आईपीडीएस के तहत गोदौलिया से दशाश्वमेध इलाके में काम कराया जाएगा। हृदय योजना के तहत गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक हेरिटेज पोल और आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी, कबीरचौरा में हेरिटेज पाथ-वे, स्ट्रीट लाइटें लगाए जाएंगे।
शुक्रवार को मेयर रोमगोपाल मोहले ने इन कार्यों का शिलान्यास किया। दोनाें जगहों पर चार करोड़ छह लाख रुपये से ये कार्य होने हैं। इससे इतर हृदय के तहत ही गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक कल्चरल क्वार्टर परियोजना पर 1.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस इलाके में कूड़ा प्रबंधन, हेरिटेज पोल, लाइटें, गलियोें के प्रवेश द्वार पर पत्थर बिछाने, प्रमुख जगहों पर स्थान एवं दिशा सूचक लगाए जाएंगे। इसके अलावा गोदौलिया में एक रंग की दूकानें होंगी और एक ही प्रकार के बोर्ड। हेरिटेज भवनों की मरम्मत, चितरंजन पार्क में चुनार के पत्थर बिछाए जाएंगे।
कबीरचौरा-पिपलानी कटरा क्षेत्र जो बनारस घराने की पहचान है। उसे हेरिटेज वॉक के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें बिटूमीन मार्ग, चौका गली, सूचना केंद्र, ठोस कूड़ा प्रबंधन, वॉल आर्ट, शाइनेज, पेयजल और एटीएम की सुविधा दी जाएगी।
मेयर ने इन कार्यों का भी शिलान्यास किया। इस पर 2.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मेयर ने कहा कि हेरिटेज लुक वाले कार्यों से गंगा आरती देखने के लिए सैलानियों में आकर्षण बढ़ेगा।
इस मौके पर विधायक श्यामदेव राय चौधरी दादा ने मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की। इस मौके पर नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही, सुरेश तुलस्यान, अविनाश कुमार, अरविंद श्रीवास्तव उपस्थित थे।