UP News : विश्वनाथ धाम से अन्नपूर्णा मंदिर में नहीं जा सकेंगे भक्त, दर्शन के लिए लगेंगी दो कतारें; जानें कारण
Varanasi News : पंच दिपोत्सव पर मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ का दर्शन अत्यंत लाभकारी माना जाता है। इस बार भक्तों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई है। धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा का दर्शन और खजाना लेने के लिए भक्त भी दूर-दराज से आते हैं।
विस्तार
पंच दीपोत्सव के दौरान बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी। श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए अलग-अलग कतार लगानी होगी। पांच दिन तक श्रद्धालुओं को यह समस्या झेलनी होगी।
अन्नपूर्णा मंदिर प्रबंधन का कहना है कि पिछले तीन साल से श्रद्धालुओं की अलग-अलग व्यवस्था होने से यह दिक्कत हो रही है। धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा का दर्शन पूजन और खजाना पाने के लिए देशभर से श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। 24 घंटे पहले से ही माता अन्नपूर्णा के मंदिर में दर्शन के लिए कतार भी लग जाती है। श्रद्धालु बांसफाटक के रास्ते ढुंढिराज गणेश होते हुए अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचते हैं और पीछे के रास्ते से सरस्वती फाटक व डेढ़सी पुल से उनका निकास होता है।
काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान मां अन्नपूर्णा के दर्शन पूजन के लिए भी श्रद्धालुओं की कतार लगती है। मंदिर न्यास की ओर से पिछले तीन सालों से धाम में विराजमान मां अन्नपूर्णा के मंदिर से खजाना बांटा जाता है। ऐसे में विश्वनाथ धाम में भी धनतेरस पर भारी भीड़ होती है।
दूर-दराज से आते हैं भक्त
काशी विश्वनाथ धाम में ढुंढिराज गेट, गेट नंबर एक, सरस्वती फाटक, गंगा द्वार से श्रद्धालुओं को प्रवेश कराया जाता है। पांच दिनों तक ढुंढिराज गेट से केवल प्रवेश का इंतजाम रहता है। ऐसे में काशी विश्वनाथ धाम में बाबा और मां अन्नपूर्णा का दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को लंबी दूरी तय करनी होगी। एसडीएम शंभूशरण ने बताया कि हर साल की तरह ही दर्शन पूजन के इंतजाम रहेंगे।
अन्नपूर्णा मंदिर के प्रबंधक काशी मिश्रा ने बताया कि तीन साल से काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर के लिए अलग-अलग कतार लग रही है। श्रद्धालु जब मां अन्नपूर्णा का दर्शन कर लेते हैं तो उनको बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए दोबारा कतार में लगना पड़ता है।
साल भर का चढ़ावा, बन जाता है मां का खजाना
बाबा विश्वनाथ को अन्न-धन की भिक्षा देने वाली मां अन्नपूर्णा के दरबार में पांच दिनों तक देश भर के श्रद्धालु उमड़ेंगे। लगातार दूसरे साल पांच दिनों तक मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को अन्न और धन का खजाना भी मिलेगा। इस बार श्रद्धालुओं को चांदी के सिक्के भी खजाने के रूप में बांटे जाएंगे।
मंदिर से मिलने वाला खजाने के रूप में मिलने वाला एक रुपये का सिक्का और लावा लेने के लिए देश भर से श्रद्धालु काशी आते हैं। मंदिर के महंत शंकर पुरी ने बताया कि आठ पीढि़यों से खजाना वितरण की परंपरा अनवरत चली आ रही है। मंदिर में अन्नकूट के भोग के लिए तैयारियां दशहरे से ही शुरू हो चुकी हैं।
5 दिन होंगे कनाडा वाली मां अन्नपूर्णा के भी दर्शन
श्री काशी विश्वनाथ धाम में पंच दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पांच दिनों तक श्रद्धालु धाम में विराजमान मां अन्नपूर्णा के दर्शन करेंगे। पांच दिनों में 30 लाख से अधिक भक्तों को माता के मंदिर से खजाना भी बांटा जाएगा। मंदिर प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। 29 अक्तूबर से दो नवंबर तक विश्वनाथ धाम में भी भक्त मां अन्नपूर्णा के दर्शन कर सकेंगे।
दर्शन-पूजन के साथ ही भक्तों को प्रसाद में खजाना बांटा जाएगा। धाम में पंच दीपोत्सव की शुरुआत 29 अक्तूबर से होगी। धनतेरस के दिन भोर में मां अन्नपूर्णा के खजाने व अन्न का पूजन करने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे।