सनकी आशिक: भाभी से एकतरफा प्यार में पागल देवर कुएं में कूदा, ग्रामीणों ने बचाई जान
भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है मामला। पुलिस ने काफी समझाने का किया प्रयास। भाभी द्वारा सख्ती से मना करने पर सनकी देवर ने आत्महत्या की कोशिश की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में एक सनकी आशिक ने भाभी से एकतरफा प्यार में खौफनाक कदम उठाया। भाभी के प्यार में पागल देवर खुद की जान की परवाह न करते हुए कुएं में कूद गया। ग्रामीणों और परिजनों के किसी तरह कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई। जहां उसे समझाने का प्रयास किया।
एकतरफा प्यार में जान देने की कोशिश करने की यह वारदात भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। देवर ने भाभी से प्यार का इजहार किया तो उसने सख्ती से विरोध किया। साथ ही परिजनों से पूरे मामले से अवगत कराने को कहा। भाभी द्वारा सख्ती से मना करने पर सनकी देवर ने आत्महत्या की कोशिश की। वह घर के पास स्थित कुएं में कूद गया।
कुएं में कूदता देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। आनन फानन रस्सी के सहारे युवक को बाहर निकाला गया। कुछ ही समय में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने युवक को काफी समझाया लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा था। बात नहीं बनी तो पुलिस उसे थाने ले गई। परिजनों के साथ ही युवक को काफी समझाने का प्रयास किया। साथ ही युवक को चिकित्सकीय उपचार की सलाह भी दी।