देव दीपावली: मोबाइल सुनाएगा काशी के 84 घाटों की कहानी, 15 भाषाओं में मिलेगी जानकारी; अब गाइड की जरूरत नहीं
काशी के 84 घाटों की कहानियां अब पर्यटकों को मोबाइल सुनाएगा। यूपी पर्यटन विभाग ने जीपीएस आधारित ऑडियो टूर शुरू किया है। इसमें 15 भाषाओं में घाटों का इतिहास, धार्मिक मान्यताएं और सांस्कृतिक महत्व जान सकेंगे। पैदल और नाव से भ्रमण के दौरान यह सुविधा मिलेगी। ऑफलाइन डाउनलोड का विकल्प भी उपलब्ध है।
विस्तार
काशी के घाटों पर घूमते हुए अब पर्यटकों को इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं को जानने के लिए गाइड तलाशने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल ही उन्हें हर घाट की कहानी सुनाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इसके लिए जीपीएस आधारित 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' शुरू किया है। इसकी मदद से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अपनी पसंद की भाषा में काशी के सभी 84 घाटों का इतिहास और उनसे जुड़ी मान्यताएं सुन और पढ़ सकेंगे।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि इस डिजिटल ऑडियो टूर की खासियत यह है कि इसमें सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं। इनमें घाटों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व की जानकारी दी गई है। पर्यटक पैदल घाटों पर घूमते हुए या नाव से गंगा की सैर करते समय इन कहानियों को सुन सकते हैं।
जीपीएस आधारित इस सुविधा में पर्यटक के घाट पर पहुंचते ही मोबाइल एप उसकी लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट का ऑडियो चलाने लगता है। निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और वापस लौटने पर फिर शुरू हो सकता है। पर्यटक चाहें तो एप पर अपनी पसंद का घाट चुनकर भी उसकी जानकारी सुन सकते हैं।
ऑडियो के साथ लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध कराए गए हैं। पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार ऑडियो रोकने, दोबारा चलाने और अगले घाट की जानकारी सुनने का विकल्प चुन सकते हैं। एप देखे जा चुके घाटों का रिकॉर्ड भी रखता है। इससे बीच में यात्रा रोकने के बाद दोबारा वहीं से ऑडियो टूर शुरू किया जा सकता है।
15 भाषाओं में उपलब्ध होगी सुविधा
इस ऑडियो टूर को हिंदी और अंग्रेजी समेत कुल 15 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इनमें मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, उड़िया, मलयालम, उर्दू, चीनी, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं। पर्यटक यात्रा से पहले ऑडियो टूर डाउनलोड कर सकते हैं, जिससे भ्रमण के दौरान लगातार इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। खास बात यह है कि दुनिया के किसी भी कोने में बैठकर भी लोग काशी के घाटों की कहानियां सुन सकते हैं।
ऐसे करें इस्तेमाल
एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलकर 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' विकल्प चुनना होगा। इसके बाद भाषा और पैदल या नाव से भ्रमण का विकल्प चुन सकते हैं। जीपीएस आधारित अनुभव के लिए 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' और पहले से डाउनलोड कर सुनने के लिए 'इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर' का विकल्प मिलेगा। इसके लिए अकाउंट बनाने या लॉगिन करने की अनिवार्यता नहीं है। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
