Dengue In Varanasi: मंडलीय अस्पताल का डेंगू वार्ड फुल, बीते पांच दिन में मिले 20 मरीज, लार्वा मिलने पर नोटिस
वाराणसी में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। हर दिन नए मरीज मिलते जा रहे हैं। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में बना डेंगू वार्ड फुल हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले पांच दिन से लगातार नए मरीज मिले रहे हैं। कुल मरीजों की संख्या 40 तक पहुंच गई है। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में बना डेंगू वार्ड फुल हो गया है। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती आठ मरीजों में शहरी क्षेत्र के ही सभी हैं। मौसमी बीमारियों के साथ ही डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पतालों की ओपीडी, पैथलॉजी में भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि 14 से 18 सितंबर तक पांच दिन में कुल 20 नये मामले सामने आते जा रहे हैं। रविवार को हुकुलगंज कैंट निवासी आयुषी (12), टकटकपुर निवासी अर्चना (28) रोहित पांडेय (20), लालपुर की काजल (85) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सभी नए मरीजों के घर और उसके आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ ही नगर निगम के सहयोग से फागिंग भी कराई गई। हुकुलगंज में एक घर में डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी की गई।
2.43 लाख बच्चों ने पी पोलियो की खुराक
पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से रविवार से विशेष अभियान की शुरुआत हुई। छह दिवसीय अभियान में 568511 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन रविवार को 1808 बूथों पर 2,43,711 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. निकुंज कुमार वर्मा ने स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में विशेष अभियान का शुभारंभ किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने कहा कि हर अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाए। बताया कि 19 से 23 सितंबर तक घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम पोलियो की दवा पिलाएंगी। सीएमओ डॉ. संदीप कुमार चौधरी ने बताया कि पल्स पोलियो का ड्रॉप जन्म के समय ही दिया जाता है।
इसके अलावा छह, दस और चौदह सप्ताह पर भी यह ड्रॉप पिलाया जाता है । इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. क्षितिज तिवारी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ एके पांडे, डिप्टी डीआईओ डॉ. यतीश भुवन पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।