वाराणसी: लाउडस्पीकर विवाद के बीच ईश्वर अल्लाह तेरो नाम की धुन से शांति की अपील
वाराणसी में भगत सिंह यूथ फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने भारत माता मंदिर परिसर में लाउडस्पीकर के साथ बैठ कर भजन कर एकता का संदेश दिया।
विस्तार
लाउडस्पीकर विवाद के बीच रविवार को एक ओर जहां ईश्वर अल्लाह तेरो नाम की धुन से शांति की अपील की गई, तो वहीं दूसरी ओर सपा के पूर्व पार्षद ने महंगाई से जुड़ा गाना बजाकर विरोध जताया।
काशी विद्यापीठ रोड स्थित भारत माता मंदिर में भगत सिंह यूथ फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी का भजन रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम, ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको संमति दे भगवान गाना गाकर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इसमें सभी धर्मों के लोग शामिल रहे।
फ्रंट के अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करने वाले हम लोगों ने तय किया कि ऐसी मंशा वालों को पनपने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो बनारस के पूरे चौराहे और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की यह धुन प्रसारित करते हुए सभी धर्मों के लोगों को जोड़ा जाएगा।
महंगाई का गाना बजाकर विरोध
उधर सपा के पूर्व पार्षद रविकांत विश्वकर्मा मिश्र पोखरा स्थित घर की छत पर लाउडस्पीकर से महंगाई का गाना बजाकर विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि इस समय देश में महंगाई बड़ा मुद्दा है। इस नाते महंगाई डायन खाय जात है गाना बजाकर लोगों सरकार की रीति नीति से अवगत करा रहे हैं। इन दिनों लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा और अजान को लेकर बहस छिड़ी है। उनका कहना है कि वे सुबह शाम लाउड स्पीकर बजाएंगे लेकिन जिस समय आरती और अजान होगी उस समय नहीं बजाएंगे।
संविधान और नियम कानून का पालन हर कोई करे : पुष्पेंद्र
लाउडस्पीकर पर छिड़े विवाद मामले में राष्ट्रवादी विचारक पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने कहा कि संविधान और नियम कानून का पालन करना चाहिए। किसी को जवाब देने के लिए इस तरह की हरकत करना ठीक नहीं है। धर्म की आंड़ में राजनीतिक लाभ किसी भी तरह से उचित न था और न ही है। रविवार की शाम गंगा आरती के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कि कोई अगर पागलपन कर रहा है, तो आप क्यों कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। ब्यूरो