वाराणसी: घर से निकला था दुकान के लिए, गंगा में उतराया मिला किशोर का शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद स्थित ललिता घाट के सामने गंगा उस पार बुधवार की सुबह एक किशोर का शव उतराया मिला। शव की शिनाख्त मंडुवाडीह थाना की तारकेश्वर नगर कॉलोनी निवासी अजय राजभर (17) के रूप में हुई है। दो बहनों का इकलौता भाई अजय मंगलवार से ही गायब था। पुलिस की सूचना पर परिजन पहुंचे तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अजय का शव देख परिजनों में कोहराम मचा था।
तारकेश्वर नगर कॉलोनी निवासी अजय मां सुनीता देवी और दो बहनों के साथ रहता था। अजय के पिता की मौत हो चुकी है। अजय मंडुवाडीह चौराहा स्थित अपने चाचा की मिठाई की दुकान में उनका हाथ बंटाता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर अजय घर से दुकान जाने के लिए निकला और फिर उसका पता नहीं लगा।
काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो वायरल कर मदद की गुहार लगाई। बुधवार को मंडुवाडीह थाने में सूचना भी दी। परिजन अजय की खोजबीन कर ही रहे थे कि उसका शव ललिता घाट के सामने गंगा उस पार बरामद होने की सूचना मिलते ही सभी भाग कर मौके पर पहुंचे।
इस संदर्भ में मंडुवाडीह थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि अजय ने अपने चाचा से दोस्तों के साथ गंगा घाट जाने का जिक्र एक दिन पहले किया था। पुलिस उसके दोस्तों से बातचीत करने का प्रयास कर रही है कि आखिरकार क्या हुआ था।