यूपी में दबंग का दुस्साहस: छह साल की बच्ची का अपहरण कर 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंका, एनकांउटर में गिरफ्तार
Varanasi News: छह साल की बच्ची को स्कूल से लौटते समय आरोपी बहला-फुसलाकर साइकिल पर बैठाकर ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास ले गया और वहां एक सूखे कुएं में धक्का दे दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची को कुएं से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
वाराणसी कमिश्नरेट के चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम बच्ची का एक मनबढ़ युवक पतालू उर्फ ताज मोहम्मद ने गलत नीयत से अपहरण कर सोमवार की सुबह छित्तमपुर स्थित डीहवाबा मंदिर के पास 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया। घायलावस्था में बच्ची को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में करीब तीन इंच गहरे घाव का उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए।
वहीं, सोमवार की देर रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और 2 कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार बच्ची सोमवार की सुबह करीब 7 बजे स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान साइकिल सवार पतालू तालू उर्फ उ ताज मोहम्मद उसे बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल पर बैठाकर भाग निकला। आरोप है कि वह बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहवावा मंदिर के पास ले गया और वहां एक सूखे कुएं में धक्का दे दिया। कुआं करीब 70 फीट गहरा है। कुएं में गिरने के बाद बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
इसे भी पढ़ें; Bengal Chunav Result: चंपदानी सीट से चुनाव जीते भदोही के दिलीप, रामलीला के मंच से विधायक तक का तय किया सफर
घायलावस्था में बच्ची को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में करीब तीन इंच गहरे घाव का उपचार किया गया। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे घर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी, एसीपी सारनाथ, प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर, सारनाथ व चोलापुर के प्रभारी निरीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू की। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि पड़ोस के गांव के रहने वाले ताज मोहम्मद की तलाश की जा रही है। बच्ची की हालत सामान्य मान्य है। कुएं में गिरने से उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।