Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Arbitrary practices treatment Ayushman cardholders action taken against 14 hospitals

वाराणसी: आयुष्मान कार्डधारकों से इलाज में मनमानी, 14 अस्पतालों पर कार्रवाई; दो नामचीन भी शामिल

Mon, 23 Nov 2026 10:01 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 23 Nov 2026 10:01 PM IST
सार

आयुष्मान कार्डधारकों के इलाज में मनमानी और अनियमितताओं पर 14 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें दो नामचीन अस्पताल भी शामिल हैं। इसके अलावा 94 निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का पंजीकरण निरस्त और 10 का निलंबित किया गया है। अस्पतालों में इलाज का खर्च और डॉक्टरों की डिग्री प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

विज्ञापन
Varanasi Arbitrary practices treatment Ayushman cardholders action taken against 14 hospitals
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह। - फोटो : संवाद

विस्तार

वाराणसी जिले में आयुष्मान कार्ड धारकों से इलाज के नाम पर मनमाना खर्च (ओवरबिलिंग) वसूला जा रहा है। कई अस्पतालों के पास न तो इलाज के पर्याप्त संसाधन हैं और न ही योग्य डिग्रीधारी डॉक्टर। इसके बावजूद मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। ऐसी अनियमितताओं में शामिल 14 अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। इनमें शहर के दो नामचीन अस्पताल भी शामिल हैं। इनका लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही आयुष्मान योजना के पैनल से बाहर करने की संस्तुति की गई है। इसकी सूची लखनऊ स्थित स्टेट एजेंसी फॉर हेल्थ इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) को भेजी गई है।

विज्ञापन




इसके अलावा मानकों के विपरीत संचालित 94 निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का पंजीकरण निरस्त किया गया है, जबकि 10 का पंजीकरण निलंबित किया गया है। शहर में संचालित ब्लड कलेक्शन सेंटरों की जांच में भी अनियमितताएं मिली हैं। पहली बार स्वास्थ्य विभाग ने प्रेसवार्ता कर इन कार्रवाइयों की जानकारी सार्वजनिक की है। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने चेतावनी दी है कि मरीजों का शोषण करने वाले अस्पतालों और जांच केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन
Trending Videos

निर्देश जारी

सीएमओ ने बताया कि जिले में कई ऐसे अस्पताल मिले हैं, जहां इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन तक नहीं हैं। कुछ अस्पतालों में केवल एक कमरा है, लेकिन वहां मरीजों को भर्ती कर इलाज और सर्जरी तक की जा रही थी। ऐसे अस्पतालों ने मरीजों से करोड़ों रुपये वसूले हैं। शिकायतों के बाद कराई गई जांच में आरोप सही पाए जाने पर 14 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई जगह झोलाछाप इलाज करते मिले। उनके पास इलाज के लिए जरूरी संसाधन और व्यवस्थाएं भी नहीं थीं।

सीएमओ ने कहा कि आयुष्मान योजना के नाम पर लुभावने बोर्ड और बैनर लगाकर मरीजों को गुमराह नहीं किया जा सकता। सीएमओ कार्यालय या ग्रीवांस रिड्रेसल पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि 50 या इससे अधिक बेड वाले अस्पतालों को ही आयुष्मान योजना में शामिल करने का नियम है।

आयुष्मान योजना में शामिल सभी अस्पतालों को अपने यहां तैनात आयुष्मान मित्र का नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करना होगा। योजना के तहत उपलब्ध इलाज, जांच और सर्जरी की जानकारी और उनके निर्धारित खर्च का पूरा विवरण भी बोर्ड पर लगाना अनिवार्य होगा। वर्तमान में जिले के 214 निजी और 28 सरकारी अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्र आयुष्मान योजना में पंजीकृत हैं।

विज्ञापन

बनारस में सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रहे दिल्ली-गुड़गांव
सीएमओ ने बताया कि जिले में संचालित ब्लड कलेक्शन सेंटरों पर भी मनमाने तरीके से जांच और ओवरबिलिंग का मामला सामने आया है। बनारस में मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली और गुड़गांव भेजे जाते हैं। इसके बावजूद मरीजों को कुछ ही घंटे में जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाती है। जांच के नाम पर मरीजों से वास्तविक शुल्क से दोगुना तक वसूला जा रहा है। ये कलेक्शन सेंटर सीएमओ कार्यालय में पंजीकृत नहीं हैं। इसलिए इन्हें अवैध की श्रेणी में रखा गया है।

विज्ञापन

एक रेडियोलॉजिस्ट कई जगह कर रहा था जांच, 94 सेंटरों का पंजीकरण निरस्त
जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण और जांच की प्रक्रिया में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। सीएमओ ने बताया कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत एक रेडियोलॉजिस्ट एक शहर में अधिकतम दो केंद्रों पर ही अपनी सेवाएं दे सकता है। जांच में सामने आया कि कुछ रेडियोलॉजिस्ट ने कई केंद्रों पर अपना नाम दर्ज करा रखा था। इसके अलावा कुछ केंद्रों पर डॉक्टर की अनुपस्थिति में टेक्नीशियन ही जांच कर रहे थे।

मानकों का उल्लंघन मिलने पर 94 केंद्रों का पंजीकरण निरस्त किया गया है और 10 का निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि कई अस्पतालों के पास फायर एनओसी भी नहीं है। आईएमएस बीएचयू सहित अन्य अस्पतालों में फायर एनओसी की नए सिरे से समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित अस्पतालों को जल्द से जल्द फायर एनओसी की प्रक्रिया पूरी करने की चेतावनी दी गई है।

साचीज की रिपोर्ट के बाद जारी होंगे अस्पतालों के नाम
सीएमओ ने आयुष्मान योजना में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जद में आए 14 अस्पतालों के नाम सार्वजनिक नहीं किए। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर इनके लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही आयुष्मान योजना के पैनल से बाहर करने की संस्तुति की गई है। सूची लखनऊ स्थित साचीज को भेज दी गई है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद अस्पतालों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने इतना जरूर बताया कि इनमें दो नामचीन अस्पताल भी शामिल हैं।

मरीजों की जानकारी के लिए अस्पतालों में ये विवरण दिखाना होगा अनिवार्य

  • अस्पताल में जिन विधाओं में इलाज की सुविधा उपलब्ध है, उनका स्पष्ट उल्लेख बोर्ड पर करना होगा।
  • डॉक्टरों के नाम और उनकी डिग्री प्रदर्शित करनी होगी।
  • आयुष्मान मित्र का नाम और मोबाइल नंबर भी बोर्ड पर लगाना होगा।
  • योजना के तहत उपलब्ध इलाज, जांच और सर्जरी के साथ उनका निर्धारित खर्च बताना होगा।
  • पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज जैसे भ्रामक और लुभावने बैनर, होर्डिंग व पोस्टर लगाना गलत होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed