आजमगढ़ में हुई मुठभेड़, 25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, एक सिपाही घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें 25 हजार के दो इनामी बदमाश पकड़े गए हैं। वहीं इस मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हो गया है।
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के महुजा नेवादा मोड़ के पास स्थित पुरानी चीनी मिल के खंडहर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सूचना पर कई थानों की पुलिस सुबह साढ़े 5 बजे घेराबंदी कर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच दोनों बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आ रहे थे और पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में कांस्टेबल दिनेश कुमार सोनकर घायल हो गए। घायल 25 हजार के इनामी मनीष पाठक निवासी गोठांव थाना बरदह, राजन यादव निवासी भीरा थाना बरदह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश लूट और अन्य मामलों में वांछित थे।
इन बदमाशों का नाम जौनपुर में हुई सराफा कारोबारी लूटकांड से भी जुड़ा है। घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर एक बाइक, एक पिस्टल, एक तमंचा, दो सोने के हार और अंगूठी बरामद की है।
जौनपुर के सराफा कारोबारी से लूट में पकड़े गए थे 5 आरोपी
आजमगढ़ के सिधारी थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 14 मार्च की शाम बैठोली बाइपास से पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने बदमाशों की तलाशी ली तो उनके पास से एक लाख रूपये नगद, एक किलो सोना और ग्यारह किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए। इन आभूषणों को पांचों आरोपी बेचने जा रहे थे।
पकड़े गये बदमाशों के पास से एक पिस्टल, तीन तमंचा और कारतूस और 40 लाख के गहने बरामद हुए थे। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि इन बदमाशों में से चार पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था।
पकड़े गए दीपक तिवारी निवासी गांव चैबाहर थाना खुटहन जिला जौनपुर, दिग्विजय सिंह निवासी गांव गोविंदपुर थाना आसपुर जिला प्रतापगढ़, सारंगधर सिंह निवासी गांव गोठांव थाना बरदह जिला आजमगढ़, अजय यादव निवासी गांव पश्चिमपुरा कंधरापुर जिला आजमगढ़ और प्रमोद यादव निवासी गांव हजारेमल थाना बरदह जिला आजमगढ़ का शामिल है।