बिहार: 300 से ज्यादा सिम बेचे, कई राज्यों में साइबर ठगी का नेटवर्क चलाया; प्रदेश के इस जिले से आरोपी गिरफ्तार
पूर्णिया साइबर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े सिम नेटवर्क का खुलासा करते हुए मधेपुरा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 40 सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
विस्तार
पूर्णिया जिले की साइबर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े सिम नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसने कई अहम खुलासे किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर चमु निवासी गुरुदेव कामती के पुत्र मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बनमनखी रेलवे स्टेशन के पास सिम कार्ड बेचने का काम करता था। वह अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर साइबर डीएसपी कनिष्ठ श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया और पूर्णिया साइबर थाने लाकर गहन पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष कनिष्ठ श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के मुताबिक, आरोपी अब तक 300 से अधिक सिम कार्ड बेच चुका है। वह मोबाइल में अलग-अलग सिम कार्ड लगाकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान समेत अन्य राज्यों से भी शिकायतें मिलने की पुष्टि हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: पहले गला दबाया, फिर पंखे से लटकाया शव? नवविवाहिता की मौत पर पिता ने उठाए सवाल; जांच रिपोर्ट का इंतजार
साइबर डीएसपी ने बताया कि साइबर ठगी में अन्य लोगों के भी शामिल होने की सूचना एसएसपी को मिली थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर बिहारीगंज स्थित आरोपी के घर से उसे पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े उसके करीबियों और अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
