सोनभद्र : मवेशी काटे जाने से तनाव, चार गिरफ्तार, एएसपी-एसडीएम और सीओ पहुंचे
सोनभद्र जिले के विढमगंज थाना क्षेत्र के बैरखड़ ग्राम पंचायत में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक समुदाय के लोगों ने मवेशी काट दिया। इससे गांव में तनाव हो गया। सूचना पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को एएसपी अरुण कुमार दीक्षित, दुद्धी एसडीएम एवं सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने चारों पर केस दर्ज कर लिया। एसपी सलमान ताज पाटिल ने गांव में पीएसी तैनात कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बैरखड़ निवासी अजीत सिंह ने गांव के कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे एक समुदाय के लोग कनहर नदी के किनारे सतघरवा घाट पर मवेशी काट रहे थे।
उसने मोबाइल फोन से ग्राम प्रधान अमर सिंह को सूचना दी। ग्राम प्रधान राम लखन, बाबूलाल एकंठी, राम कुंवर सिंह, रामकिशुन, उदय पाल समेत अन्य लोगों के साथ मौके पर पर पहुंच गए। वहां खून और मवेशी के कुछ अवशेष पड़े थे। उदय पाल ने यूपी 100 को सूचना दी। बुधवार की सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वे घटनास्थल पर पहुंच गए।
भाजपा नेता मनोज मिश्रा एडवोकेट, मनीष जायसवाल, आलोक जायसवाल, रिटायर्ड जिला जज राजन चौधरी, बबलू सिंह, सोनू जायसवाल, चंदन, सुरेंद्र अग्रहरि भी पहुंच गए। एएसपी, एसडीएम सुशील यादव और सीओ राहुल मिश्रा ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत कराया।
सीओ ने बताया कि अजीत की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद पीएसी तैनात की गई है।