दारू को पैसे नहीं दिए तो बेटे ने मां की हत्या कर शव घर में दफनाया, पांच दिन बाद चला पता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शराब पीने को पैसे नहीं दिए तो बेटे ने फावड़े से वार कर वृद्धा की हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने शव को घर में ही दफना दिया। पांच दिन बाद लोगों को इसकी जानकारी तब हुई, जब शव से दुर्गंध आने लगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल लिया है।
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मधुपुर वृंदावन गांव निवासी बगेसरा देवी(70) अपने छोटे बेटे लालचंद्र पाल के साथ घर में रहती थीं। बड़ा बेटा फूलचंद और उसका परिवार मुंबई में रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि 19 अप्रैल से ही बगेसरा देवी का अता-पता नहीं था।
पड़ोसियों ने जब लालचंद्र से इस बारे में पूछा तो उसका कहना था कि रात में मां कहीं चली गई, उसका कहीं पता नहीं चल रहा। आसपास के लोगों ने भी अपने स्तर से काफी खोजबीन की, मगर पता नहीं चला। ग्रामीणों ने बगेसरा देवी के गायब होने की सूचना उनकी बड़ी बेटी जफराबाद के महरुपुर निवासी लालदेई को दी।
बुधवार की शाम घर पहुंचकर उसने भाई से मां के बारे में पूछताछ की। कोई जानकारी न मिलने पर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। गुरुवार को दोपहर में वह घर में मौजूद थी, तभी उसे एक कमरे से दुर्गंध महसूस हुई। उसने दरवाजा खोलना चाहा तो लालचंद्र ने उसमें ताला लगा दिया।
शक गहरा होने पर लालदेई ने पड़ोसियों को बुलाया। किसी तरह दरवाजे का ताला खोलकर जब लोग अंदर पहुंचे तो वहां कमरे की कच्ची फर्स हाल में ही खुदी हुई थी। महिला के सिर का बाल का कुछ हिस्सा बाहर निकला हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फर्स की खुदाई कराई तो अंदर बगेसरा देवी का शव बरामद हुआ।
सूचना पाकर एसपी अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण संजय राय, सीओ मड़ियाहूं विजय सिंह मौके पर पहुंच गए। लालचंद्र को हिरासत में ले लिया। एसपी अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की बेटी लालदेई की तहरीर पर पुलिस ने उसके भाई लालचंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उसने बताया है कि 18 अप्रैल की शाम वह मां से दारू पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने पैसे देने से इंकार किया तो उसने फावड़े से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने शव को घर में ही दफना दिया था।