यूपी: प्रधानाध्यापक को पहली बार लगा मजाक, दूसरी बार मिली वही धमकी तो उड़ गए होश, दर्ज कराया मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पर तैनात प्रधानाध्यापक से बदमाशों ने फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी है।
धमकी से दहशत में आए प्रधानाध्यापक ने शहर कोतवाली में तहरीर देने के साथ ही एसपी से भी इसकी शिकायत की। एसपी के निर्देश पर सोमवार की रात शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर थाना शहर कोतवाली पर इफ्तेखार अहमद बतौर प्रधानाध्यापक तैनात है। इनके मोबाइल पर सोमवार को दो बार अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने इनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। जल्द रंगदारी की रकम न देने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी।
प्रधानाध्यापक के अनुसार, पहली बार जब फोन आया तो किसी का मजाक समझ कर शांत रह गए, लेकिन दूसरी बार फोन आने के बाद वह दहशत में आ गए। परिजनों को इसकी जानकारी देने के साथ ही सोमवार की शाम वे शहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी देते हुए तहरीर दी।
इसके साथ ही एसपी को भी बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगे जाने की जानकारी दी। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लिया और शहर कोतवाली पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर रंगदारी मांगने वालों की तलाश करने का निर्देश दिया।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रंगदारी मांगने वालों को पकड़ने के लिए शहर कोतवाली पुलिस के अलावा स्पेशल टीम भी लगाई गई है। जल्द ही प्रधानाध्यापक से रंगदारी मांगने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।