बच्चा चोर समझकर तीन युवकों को पीटा, पीड़ित और एसओ की तहरीर पर 246 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के कलवरा गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार रात बच्चा चोर गिरोह का सदस्य समझ तीन युवकों को पकड़ लिया। उनकी जमकर धुनाई करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में बंद कर दिया।
जानकारी होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को मुक्त कराने का प्रयास की लेकिन लोगों की अधिक संख्या देख पीछे हट गई। बाद में पर्याप्त फोर्स पहुंचने पर युवकों को मुक्त कराया। इस मामले में पीड़ित और एसओ की तहरीर पर 46 नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
ये भी पढ़ें : अरुण जेटली की अस्थियां गंगा में प्रवाहित की जाएंगी, कल अस्थि कलश लेकर काशी आएंगे परिजन
नोनहरा गांव निवासी मेराज खान, यहीं के मोहम्मद अरशद और नोनहरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर अटवा निवासी मोहम्मद आसिफ खान बाइक से कासिमाबाद थाना क्षेत्र के गेंहूड़ी गांव में अपने मौसी के यहां से मिलकर महाहर धाम होते हुए नोनहरा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कलवरा गांव के पास रात करीब नौ बजे 20 से 25 की संख्या में लाठी-डंडे लेकर पहले से बैठे युवकों ने बाइक सवार युवकों को रोक लिया।
उनसे पूछताछ करते हुए कहा कि तुम लोग बच्चा चुराने के लिए आए हो। इसको लेकर ग्रामीणों की युवकों से बहस होने लगी। इस पर ग्रामीण तीनों की जमकर पिटाई करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए और बंद कर दिया। इसकी जानकारी होते ही दलित बस्ती के साथ ही गांव के सैकड़ों लोग वहां लाठी-डंडा से लैस होकर पहुंच गए और शोर-शराबा करने लगे। इसकी जानकारी होते ही डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ये भी पढ़ें : ओमप्रकाश राजभर ने सीएम योगी पर बोला हमला, बताया अब तक की सबसे कमजोर सरकार
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को युवकों के पास पहुंचने नहीं दिया। पुलिस कर्मियों द्वारा सूचना देने पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद महमूद अली, प्रभारी निरीक्षक पन्नग भूषण ओझा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों की अधिक संख्या को देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
सीओ ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इस पर आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों खदेड़कर युवकों को मुक्त कराकर मेडिकल मुआयना के लिए भेजा।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी महमूद अली ने बताया कि सैयद अरशद की तहरीर पर विशाल सिंह, अखिलेश, उपेंद्र चौहान, मंजेश चौहान, श्यामलाल सहित कुल 18 के खिलाफ तथा प्रभारी निरीक्षक पन्नग भूषण ओझा की तहरीर पर 28 नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है।