आजमगढ़ : तीन बहनों ने विधायक पर लगाया जमीन हड़पने का आरोप, डीएम ने दिए जांच के निर्देश
आजमगढ़ जिले के फूलपुर के विधायक पर तीन बहनों ने जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सोमवार को तीनों बहनों ने डीएम से मुलाकात की। डीएम ने सीओ फूलपुर को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
फूलपुर तहसील के मुस्तफाबाद गांव निवासी अक्षयबर की तीनों पुत्रियों करुणा, विद्या और सरस्वती ने डीएम को बताया कि पिता के पास हम तीनों के अलावा कोई औलाद नहीं है। इसलिए उनकी संपत्ति हम तीनों बहनों की मिली है। 20 जुलाई को फूलपुर विधायक अरुणकांत यादव के चार आदमी आए और कहने लगे कि जमीन विधायक जी को बेच दो
जब हम लोगों ने कहा कि नहीं बेचेंगे तो उन लोगों ने धमकी दी कि जमीन नहीं दोगी तो विधायक जी कब्जा कर लेंगे। उनके प्रतिनिधि ने हमें ससुराल से मायके आने पर हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी।
तीनों बहनों ने बताया कि 22 जुलाई को जब हम खेत में मक्का और अरहर की बुआई करने पहुंचे तो विधायक के प्रतिनिधि कई लोगों के साथ पहुंचे और गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। 23 जुलाई को इनके आदमी ईंट लेकर हमारे खेत पर पहुंचे और गिराने लगे। विरोध करने पर मारने के लिए दौड़ा लिया।
हमने एसपी को फोन किया उन्होंने फोर्स भेजने की बात कही लेकिन फोर्स पहुंची नहीं। डीएम नागेंद्र प्रसाद सिंह ने सीओ फूलपुर को प्रकरण की जांच करने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि महिलाओं ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की है। सीओ फूलपुर को जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विधायक अरुणकांत यादव ने बताया कि मुझे इस प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है। अगर यह बहनें हमारे पास आती हैं तो इनको न्याय दिलाया जाएगा। लेकिन, अगर इसमें विरोधियों की साजिश है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।