यूपी: पुलिस भी हो गई हैरान जब तीन किलो सोना हुआ बरामद, तस्करी की तरकीब देख उड़े होश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) वाराणसी इकाई ने शनिवार की सुबह में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर अप नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से तीन किलो सोना बरामद किया। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सोना कामाख्या से कानपुर ले जाया जा रहा था। 30 जनवरी को भी टीम ने राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से एक तस्कर को एक किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था।
डीआरआई को सूचना मिली कि नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से सोना ले जाया जा रहा है। इसके आधार पर वरिष्ठ आसूचना अधिकारी आनंद राय के नेतृत्व में इंटेलिजेंस ऑफिसर लेखराज, मुकुंद लाल सिंह और अनंत विक्रम की टीम शनिवार सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर पहुंची। सुबह सात बजे अप नार्थईस्ट एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म चार पर पहुंची।
टीम के सदस्य ए-1 कोच में पहुंचे और दो संदिग्धों की तलाशी ली तो कमरबंद में सोने के टुकड़े बरामद हुए। कागजात न दिखाने पर सोने के साथ दोनों को पकड़ कर टीम वाराणसी ले गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना नाम अब्दुल सलाम और अजीजुल रहमान बताया। सोने का वजन तीन किलो निकला।
दोनों ने बताया कि उनके गिरोह के लोग म्यांमार के रास्ते पूर्वोत्तर के राज्यों में सोने की तस्करी करते हैं और उसे भारत के अन्य शहरों में भेजते हैं। वरिष्ठ आसूचना अधिकारी आनंद राय ने बताया कि बरामद सोने की कीमत 1.19 करोड़ है। बरामद सोना जब्त कर तस्करों को जेल भेज दिया।