वाराणसी: 70 लाख के आभूषण और नकदी गबन करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, हरियाणा में छिपा था; 25 हजार का था इनाम
वाराणसी की एस्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स कंपनी में आभूषण और नकदी गबन के मामले में फरार 25 हजार रुपये के इनामी मास्टरमाइंड राज कुमार को सिगरा पुलिस और एसओजी ने हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर था। पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
एस्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स कंपनी में करीब 70 लाख रुपये के आभूषण और नकदी का गबन करने के मामले में फरार चल रहे मास्टरमाइंड को सिगरा पुलिस और एसओजी की टीम ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के मेहम निवासी राज कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शनिवार को फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित गुर्जर भवन चौकी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी के नीचीबाग निवासी रितेश कुमार बबूना ने सात सितंबर 2026 को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह एस्प्रा कंपनी की फ्रेंचाइजी मेसर्स काशी मधुरम में साझेदार हैं। आरोप है कि कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर तैनात राज कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये के आभूषण और नकदी का गबन किया था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
पुलिस ने की कार्रवाई
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की तलाश में पुलिस सर्विलांस और साइबर सेल की मदद ले रही थी। तकनीकी जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस को उसके हरियाणा में होने का पता चला। इसके बाद सिगरा पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उसके साथियों और गबन किए गए आभूषणों व नकदी के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक सौरभ शाही, उपनिरीक्षक आयुष पांडेय, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संतोष पासवान, आरक्षी अंकित मिश्रा, अभिषेक वर्मा, मनीष कुमार तिवारी, सुमित शाही, अश्वनी सिंह, अभिराम शर्मा और रोहित रहे।
