यूपी: शादी से लौट रहे चाट विक्रेता को गोलियों से भूना, हत्या के बाद सनसनी
उत्तर प्रदेश के चंदौली के चाट विक्रेता की वाराणसी में गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल हत्यारों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
चंदौली के मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कुंडा खुर्द गांव निवासी कमलेश यादव(55) की मंगलवार की रात वाराणसी के शिवपुर के फुलवरिया गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना के बाद घर पर परिवार वालों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया।
कमलेश यादव पुत्र सियाराम यादव पिछले कई वर्षों से शिवपुर के सिसौर चौराहा पर चाट और गोलगप्पे की दुकान लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। वह कटरे में रहता था।
हर हफ्ते कमलेश अपने घर चंदौली भी आता जाता रहता था। मंगलवार को किसी के बारात में फुलवरिया गया हुआ था। यहां से वापस लौटते समय रास्ते में ही अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या क्यों और कैसे हुई इसका पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार जांच में सुबह घटना स्थल से तमंचे का खोखा बरामद हो गया है। कमलेश यादव के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। जिसमें एक बेटे और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इनके साथ इनका बेटा सिद्धार्थ और दीपक इनके कारोबार में हाथ बटाते हैं। छोटा बेटा मल्लू अभी 10 वर्ष का है और पढ़ रहा है।