वाराणसी में अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के विरोध में निकाला जुलूस
शिवपुर की अयोध्यापुरी कालोनी निवासी अधिवक्ता अमरेंद्र विक्रम सिंह पर मंगलवार की रात गिलट बाजार में जानलेवा हमले के विरोध में अधिवक्ताओं ने आज कचहरी में जुलूस निकाला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मांग की। वकीलों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और न्यायिक कार्य से विरत रहे।
इससे पहले कल मंगलवार को अधिवक्ता अमरेंद्र विक्रम सिंह को मंगलवार की रात गिलट बाजार में हॉकी-रॉड से पीटकर बदमाशों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधिवक्ता का आरोप है कि इस दौरान उन्हें लक्ष्य कर दो राउंड फायरिंग भी की गई। जिसमें से एक गोली उनके गाल को छूती हुई निकल गई। बदमाशों ने वकील की चेन और पर्स भी लूट लिया।
हमले में घायल अधिवक्ता की तहरीर पर शिवपुर थाने में छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, बलवा सहित अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिवक्ता योगेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे अमरेंद्र विक्रम सिंह रात नौ बजे के लगभग स्कूटी से गिलट बाजार की तरफ निकले थे।
गिलट बाजार में कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर लोगों को परेशान कर रहे थे। जब अमरेंद्र ने हस्तक्षेप किया तब नशे में धुत युवकों में से एक ने उनको लक्ष्य कर दो राउंड फायरिंग की। वह स्कूटी लेकर सड़क पर गिर पड़े।
एक गोली उनके गाल को छीलते हुए निकल गई। इसके बाद सभी हॉकी और रॉड लेकर अमरेंद्र पर टूट पड़े। यह देख दो लोग बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। इलाके के लोग सरेराह मारपीट देख जुटने लगे तो हमलावर भाग निकले।
घायल अधिवक्ता का उपचार दीनदयाल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में कराया गया।उनके सिर और हाथ-पैर में चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर शिवपुर ने बताया कि घायल अधिवक्ता की तहरीर पर गिलट बाजार बाईपास के गोलू, बाबू सोनकर, अमित गुप्ता, कल्लू सोनकर, नानक सोनकर और जवाहिर सोनकर के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, धमकी सहित अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए टीमें गठित की गई है।
बता दें कि अमरेंद्र सिकरौरा नरसंहार कांड की वादी हीरावती के मामले के अधिवक्ता भी है। उन पर हमले की खबर पाकर शिवपुर थाने पर काफी संख्या में जुटे वकीलों ने घटना को लेकर खासी नाराजगी जताई।