PM Modi Varanasi Visit: वाराणसी में पीएम को मिलेगा खास तोहफा, कंधे पर सजेगा तरन्नुम और रहनुमा का हुनर
युवा शिल्पकार तरन्नुम व रहनुमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अंगवस्त्रम तैयार किया है, जो आज पीएम मोदी के कंधे पर भी नजर आएगा। तैयार अंगवस्त्रम जिला प्रशासन और शिक्षा मंत्रालय को सौंप दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बनारसी शिल्पकला और बुनकरी में नई इबारत लिख रही काशी की बेटियों का हुनर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कंधे पर भी नजर आएगा। लोहता की युवा शिल्पकार तरन्नुम व रहनुमा ने बड़े चाव से पीएम के लिए अंगवस्त्रम तैयार किया है। जीआई विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत के निर्देशन में तैयार अंगवस्त्रम जिला प्रशासन और शिक्षा मंत्रालय को सौंप दिया गया है।
हल्के केसरिया रंग के बनारसी वस्त्र पर मरुन रेशम से जरदोजी द्वारा रुद्राक्ष में होने वाले कार्यक्रम का नाम उकेरा गया है। वहीं, सिगरा स्टेडियम में होने वाली जनसभा के लिए जरदोजी से निर्मित खेलो इंडिया के लोगो के साथ पारंपरिक खेलों की आकृतियों को विभिन्न रंगों के रेशमी धागों से लोहता निवासी शहाना वारसी व नगमा द्वारा तैयार गया है। साथ ही नए स्टेडियम का मॉडल स्मृति चिह्न के रूप में पीएम को भेंट किया जाएगा।
इसके अलावा कसेरा समाज द्वारा तैयार पंच धातु की मां सरस्वती की 15 इंच की प्रतिमा को महासभा के महामंत्री मनोज सिंह व राज्य पुरस्कार प्राप्त अनिल कसेरा के दिशा निर्देशन में उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री को भेंट किया जाएगा।
पीएम मोदी खिलाड़ियों से करेंगे खेल की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से खेल की बात करेंगे। सिगरा स्टेडियम में आयोजित लोकार्पण व शिलान्यास समारोह के दौरान बनारस के 120 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। इनके लिए प्रधानमंत्री के मंच के सामने ही स्थान भी चिह्नित किया गया है। बनारस को मिलने वाली सौगात से खिलाड़ी भी बेहद प्रसन्न हैं। खिलाड़ियो का कहना है कि आजादी के बाद पहली बाद बनारस के खेल जगत को इतनी बड़ी सौगात मिलने जा रही है।