आजमगढ़ जिला जेल-थाने में कोरोना संक्रमित मिले, तीन सिपाही और 15 कैदी पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ जिले के बरदह थाने के तीन सिपाहियों के कोरोना संक्रमित आने के बाद थाने के साथ ही बाजार में भी हड़कंप मचा है। तीनों ईगल टीम में तैनात थे। इनका बाजार में आना-जाना ज्यादा था। अभी 60 से ज्यादा के स्टाफ में 40 की ही सैंपलिंग हुई है। थाना परिसर को सील कर दिया गया है। वहीं, आजमगढ़ जिला जेल में 15 कैदियों समेत दो और लोग संक्रमित मिले हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा के प्रभारी डॉ रमेश सोनकर ने बताया कि बरदह थाना क्षेत्र के 40 पुलिसकर्मियों का सैंपल भेजा गया था। इसमें 25 की रिपोर्ट आ गई है। 25 में तीन पॉजिटिव पाए गए। अन्य लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
एसडीएम मार्टिनगंज ने पहुंच कर थाने को सील कराकर सैनिटाइज किया गया। थाने से बाकी कर्मचारियों के साथ ही संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की जाएगी। बरदह थाने और चौकी ठेकमा में एक इंस्पेक्टर, 10 दरोगा, 51 सिपाही, एक फॉलोवर, एक ड्राइवर, एक कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती है।
15 बंदियों समेत मंडलीय कारागार में 17 नए संक्रमित
आजमगढ़ जिले के मंडलीय कारागार इटौरा में शनिवार को 17 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें 15 बंदियों के साथ जेल अस्पताल के चिकित्सक और एक सिपाही भी शामिल हैं। सभी संक्रमित बंदियों को तन्हाई बैरक में आइसोलेट करने की तैयारी की जा रही है।
मंडलीय कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक आरके मिश्रा ने बताया कि शनिवार को 17 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसमें 15 बंदी और दो स्टाफ शामिल हैं। स्टाफ में मंडलीय कारागार स्थित अस्पाल के चिकित्सक और एक सिपाही शामिल है। बंदियों कुछ रिहा हो चुके हैं। संक्रमित लोगों को जेल की तन्हाई बैरक में आइसोलेट किया जा रहा है। मंडलीय कारागार में इस समय लगभग 1,850 बंदी बंद हैं।